― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरराजस्व वसूली की प्रगति में लायें सुधार : अनुज झा

राजस्व वसूली की प्रगति में लायें सुधार : अनुज झा

  • जिलाधिकारी ने कर-करेत्तर सहित अन्य विभागों की समीक्षा बैठक में दिया निर्देश

जौनपुर धारा, जौनपुर। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा की अध्यक्षता में कर-करेत्तर, राजस्व कार्यो एवं एंटी भू-माफिया की मासिक समीक्षा बैठक सोमवार देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन, आबकारी, विद्युत, व्यापार कर, खनन, बाट एवं माप, स्टाम्प, नगर निकाय सहित अन्य विभागों के राजस्व वसूली की समीक्षा किया तथा लक्ष्य के सापेक्ष कम राजस्व वसूली वाले विभागों को प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग, आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के सापेक्ष अत्यन्त कम वसूली करने पर प्रवर्तन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बिक्री कर विभाग को निर्देश दिया कि राजस्व को बढ़ाने के लिए सम्बन्धित को आरसी की नोटिस दी जाए। स्वामित्व योजना व रियल टाइम खतौनी के संदर्भ में जिलाधिकारी ने कहा कि लेखपालों की सहायता से इसके काम में प्रगति लाते हुए शीघ्र पूर्ण कराया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने वरासत की प्रगति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत शेष कृषकों के भुगतान जो किन्ही कारणों से लंबित हैं उसका तत्काल निराकरण कर भुगतान सुनिश्चित कराये जाने का निर्देश दिये। उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि ईट-भट्टों पर वसूली के कार्य में तेजी लाएं और नगर पालिका के द्वारा प्रवर्तन के कार्य किये जायें। खनन एवं परिवहन के आरसी के लिए अभियान चलाए जाए। पत्थरगड्डी उखाड़ने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाए और एक समिति बनाकर चकरोड और पत्थरगड्डी तोड़ने वाले से सम्बन्धित 10-10 मामले चिन्हित करते हुए कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के भू-माफिया के खिलाफ सख्ती बरता जाये। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम अक्षयबर चौहान, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व गणेश प्रसाद सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी सहित अधिशासी अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Share Now...