― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

जौनपुर धारा, जौनपुर। जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन के कार्यकर्ताओं ने जनसांख्यिकीय असंतुलन के कारण देश में संभावित गृहयुद्ध को रोकने के लिए जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर जिलाधिकारी को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने बताया कि अपने जिले सहित देशभर के जेएसएफ कार्यकर्ता अपने-अपने जिलों से कानून की मांग के समर्थन में हस्ताक्षरित समर्थन पत्रक लेकर 22 सितंबर को दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर स्थित जेएसएफ कैम्प पर एकत्रित होंगे जहां से 23 सितंबर प्रात: 9 बजे प्रधानमंत्री कार्यालय, दिल्ली की ओर रैली के रूप में कूच किया जाएगा। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की प्रक्रिया प्रारम्भ करने पर सहमति न बनने की स्थिति में 23 सितंबर से ही अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने का संगठन द्वारा निर्णय लिया गया है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर पिछले 9 वर्षों से अधिक समय से संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी के नेतृत्व में देशभर के 23 राज्यों के 400 से अधिक जिलों में अभियान चला रहा है। इस अभियान को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं संगठन के मुख्य संरक्षक इन्द्रेश कुमार एवं केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित 125 सांसदों का समर्थन प्राप्त है। जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामप्रति मिश्रा फलाहारी महराज ने कहा कि देश की बढ़ती आबादी कही न कही से गृह युद्ध की सूचक सिद्ध हो सकती है जिसे रोकना भारत सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है। इसी क्रम में वक्ता अजय पाण्डेय जिला अध्यक्ष अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने कहा सरकार को तत्काल भारत में एनआरसी और जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाकर संविधान में लागू कराए। मुख्य रूप से कार्यक्रम में राकेश श्रीवास्तव, रमेश सिंह, आर्जव पंडित, रमेश श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश तिवारी, अरविंद गुप्ता, आजाद शुक्ला, बालकृष्ण, सुधांशु विश्वकर्मा, कृष्ण कांत साहू, जितेंद्र साहू, शशि साहू, रमेश शर्मा, सतेंद्र शुक्ल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share Now...