- प्रदेश सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन
जौनपुर धारा, जौनपुर। इंदिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित प्रदेश सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि गिरीश चंद यादव खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने किया। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा ने मुख्य अतिथि को बुकें देकर स्वागत किया। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि ने कबड्डी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। तत्पश्चात अपने उद्बोधन में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ियों के उत्थान हेतु किये जा रहे कार्यो का उल्लेख किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अतुल सिन्हा क्रीड़ा अधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि को अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पहला मैच प्रयागराज व मिजार्पुर मण्डल के मध्य खेला गया जिसमें मिजार्पुर ने प्रयागराज को 44-13 से पराजित किया। दूसरे मैच में वाराणसी ने बस्ती को 27-08 से पराजित किया। तीसरे मैच में आजमगढ़ ने चित्रकूट को 26-05 से पराजित किया। इस अवसर पर उप क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह के साथ ही पीके पाण्डेय प्रदेश उपाध्यक्ष कबड्डी संघ, सुरेश सिंह, चेयरमैन रेफरी बोर्ड, रविचन्द्र यादव, सचिव जिला कबड्डी जौनपुर तथा प्रदेश के 17 मण्डलों के खिलाड़ियों के साथ टीम मैनेजर व निर्णायक एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



