- बाइक छोड़ फरार हुए हमलावर, दो बाइक पुलिस के कब्जे में, मुकदमा दर्ज
जौनपुर धारा, जौनपुर। बीती रात थाना क्षेत्र में एक दुग्ध व्यवसायी पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल द्वारा पुलिस को सूचना देते देख हमलावर अपनी दो बाइक छोड़ फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर घायल को स्थानीय सीएचसी ले गयी, जहां हालत गम्भीर देख उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। इधर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के अहिंयाई गांव निवासी एक दुग्ध व्यवसायी ओमप्रकाश दूबे शुक्रवार को दिल्ली जा रही अपनी पत्नी शोभावती को शाहगंज ट्रेन में बैठाकर अपनी पिकअप गाड़ी से देर शाम वापस घर आ रहा था। शाहगंज से पट्टी नरेन्द्रपुर संपर्क मार्ग पर ईशापुर (डड़वा बस्ती) के पास तीन बाइक सवार लगभग 6 की संख्या में अज्ञात हमलावर उनके ऊपर हमला कर दिये। हमले में जहां गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई वहीं उक्त व्यवसायी गम्भीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच व्यवसायी द्वारा पुलिस को सूचना देते देख हमलावर अपनी दो बाइक मौके पर छोड़ फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर घायल को उपचार हेतु सीएचसी ले गई जहां प्राथमिक उपचार के साथ ही हालत गंभीर देख घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर पुलिस बरामद बाइक के आधार पर मामले में हमलावरों के विरूद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज कर आवश्यक छानबीन कर रही है। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामला ओवरटेक का होना बताया जा रहा है। फिलहाल घायल की सूचना पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक छानबीन की जा रही है।



