- समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिया निर्देश
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा की अध्यक्षता में स्थानीय पर्यटन विकास की संभावनाओं से संबंधित निमार्णाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में जनपद के कल्याणपुर में डीह बाबा स्थल के सौन्दर्यीकरण एवं पर्यटन विकास की समीक्षा करते हुए उत्तर प्रदेश रा. निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड वाराणसी को निर्देशित किया कि कार्य 10 अप्रैल तक प्रत्येक दशा में शुरू हो जाए। उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड के अधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद के शास्त्री पुल के पास स्थित शिव जी के मंदिर एवं हनुमान जी के मंदिर के पर्यटन का विकास कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण हो गया है जिस पर मुख्य विकास अधिकारी के द्वारा सत्यापन कराए जाने के निर्देश दिए गए। शाहीपुल के पास स्थित हनुमान मंदिर, राम जानकी मंदिर, काली जी मंदिर, दुर्गा जी मंदिर एवं शिव मंदिर के कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि स्वीकृति कार्य के हिसाब से कार्य का सत्यापन कराए जाएं। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा प्रस्तावित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और कार्यदाई संस्था को निर्देशित किया कि शासन के दिए गए समय सीमा के अन्दर कार्य पूर्ण कराएं और जो भी कार्य कराया जाए वह गुणवत्तापूर्ण रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी सदर सुनील कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी आरडी यादव, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य कार्यदाई संस्था के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जन जागरूकता रैली आज
जौनपुर धारा, जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने अवगत कराया है कि जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक एवं दस्तक अभियान 17 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाया जाना है। अभियान का उद्घाटन सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह (प्रिंशु) द्वारा 1 अप्रैल को जिला टी.बी. चिकित्सालय परिषर से प्रात: 10.30 बजे जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।



