Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

हैप्पी मॉडल स्कूल में मिशन शक्ति जागरूकता कार्यक्रम

मुंगराबादशाहपुर के हैप्पी मॉडल पब्लिक स्कूल में थाना पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर शिकायत करने की अपील की।

E-Paper 10-10-2026

Homeउत्तर प्रदेशदुबई से ऑपरेट हो रहा अतीक अहमद का गैंग, अशरफ के भगोड़े...

दुबई से ऑपरेट हो रहा अतीक अहमद का गैंग, अशरफ के भगोड़े साले ने संभाली कमान

प्रयागराज. माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ के साले सद्दाम की तस्वीरें दुबई से सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूपी पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है. सूत्रों से यूपी पुलिस को इस बात की जानकारी मिली है कि सद्दाम दुबई फरार हो गया है और वहीं से वह अतीक अहमद गैंग के सदस्यों के लगातार संपर्क में है. इसके साथ ही अतीक अहमद के विदेशों में फैले कारोबार को भी संभाल रहा है.

जांच एजेंसियों को मिले इस इनपुट के आधार पर यूपी पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी को एक पत्र भेजा है. पत्र के साथ सद्दाम की फोटो समेत अन्य डिटेल देकर जानकारी मांगी है. यूपी पुलिस ने जानकारी मांगी है कि किस तारीख को और कौन सी फ्लाइट से सद्दाम दुबई भागा है. यूपी पुलिस को आशंका है कि सद्दाम के साथ कोई और भी दुबई गया होगा, इसलिए पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि सद्दाम अकेले फरार है या किसी और के साथ गया है. हालांकि पुलिस को आशंका इस बात की है कि अतीक गैंग के कई और मेंबर भी दुबई भागे हो सकते हैं. फिलहाल सूत्रों से जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक सद्दाम दुबई में बैठकर अतीक अहमद गैंग के मेंबर्स के संपर्क में है.

दरअसल अतीक अहमद और अशरफ पर शिकंजा कसने पर ही सद्दाम दुबई भाग गया था. सद्दाम बरेली जेल में बंद अशरफ को सुविधा मुहैया कराने से लेकर अतीक अहमद और अशरफ का कारोबार भी संभालता था. सद्दाम ने ही अतीक अहमद को दुबई में प्रॉपर्टी खरीदने में मदद की थी, इसके अलावा एक कारोबारी के साथ बिजनेस पार्टनरशिप की डील भी कराई थी. अशरफ से बरेली जेल में मिलने जाने वालों को भी सद्दाम ही मिलवाता था. इसके अलावा उमेश पाल शूटआउट में शूटर्स को मदद पहुंचाने में भी सद्दाम का नाम आया था. उमेश पाल शूटआउट के पहले 11 फरवरी को असद, गुड्डू मुस्लिम, मोहम्मद गुलाम, विजय चौधरी उर्फ उस्मान और अन्य शूटर्स ने भी बरेली जेल जाकर अशरफ से तीन घंटे तक मुलाकात की थी, जिसके बाद बरेली पुलिस ने सद्दाम के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था. बरेली पुलिस ने फरार सद्दाम पर एक लाख का इनाम भी घोषित किया है.