- पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष का आगमन आज
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिलाधिकारी ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह तथा सदस्य बृजेश कुमार का आगमन जनपद में 23 फरवरी को प्रस्तावित है। अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व के सन्दर्भ में अनुभाविक जाँच एवं अध्ययन के साथ निकायवार एवं अनुपातिक आरक्षण के बाबत समकालीन आख्या के लिए यदि किसी व्यक्ति/संस्था/पार्टी को अपना पक्ष प्रस्तुत करना है, तो वह लिखित/मौखिक आकलन आयोग के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं, जिससे वास्तविक निष्कर्ष तक पहुँचा जा सके।
- सैनिक बन्धु की बैठक कल
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिला सैनिक कल्याण पुनर्वास अधिकारी ले0 कर्नल विजय अहलावत ने अवगत कराया है कि इस माह की सैनिक बन्धु बैठक 24 फरवरी को समय 10.30 बजे कलेक्टेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न होगी। अधिक से अधिक संख्या में भूतपूर्व सैनिक उपस्थित हो।
- साप्ताहिक बंदी का नहीं हो रहा पालन
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। कस्बे में बुधवार को साप्ताहिक बंदी का दिन है। फिर भी कुछ दुकानदार दुकानें धड़ल्ले से खोल कर माहौल को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने श्रम विभाग और नगर पंचायत के ईओ को साप्ताहिक बंदी का पालन कड़ाई के साथ कराये जाने का निर्देश दिया था लेकिन जिले का श्रम विभाग और नगर पंचायत उदासीन बना हुआ है। कस्बे में साप्ताहिक बंदी का पालन कराने में प्रशासन अब तक विफल रहा है।
- दुराचार व पाक्सो का आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुइथाकला थाना क्षेत्र में दुराचार व पाक्सो एक्ट का आरोपी बुधवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मामले में आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद आरोपी का चालान न्यायालय को भेज दिया गया। छीतमपट्टी गाँव निवासी हीरालाल गौतम 26 पुत्र गनेश पाक्सो एक्ट में आरोपी था जिसे बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द मय हमराह द्वारा बरबसपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद आरोपी का चालान न्यायालय को भेज दिया गया। गिरफ्तारी के दौरान मय हमराह कान्स्टेबल श्रीकान्त गुप्ता मौजूद रहे।
- मारपीट में तीन घायल
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत मियांपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में पड़ोसियों ने पिता दो पुत्रियों को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। क्षेत्र के उक्त गांव निवासी 48 वर्षीय रामसूरत पुत्र पुनवासी व 24 वर्षीय संध्या 18 वर्षीय साधना को जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसियों ने लाठी डंडे से पीटकर घायल कर दिया। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार राजकीय चिकित्सालय में हुआ। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दोषियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।
- दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता प्रारंभ
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के बीबीगंज चौकी अंतर्गत कुड़ियारी गांव में दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। क्रिकेट प्रतियोगिता गांव के महेश्वरा नामक स्थान पर किया गया है। जिसका समापन शुक्रवार को होगा। अध्यक्ष अजय सैनी (गुड्डू) ने बताया कि यहाँ हर साल ग्राम सभा द्वारा दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता खेला जाता है। इस बार भी आयोजन किया गया है जिसमें पड़ोस गांव के गोड़िला, चकहकीमी, गोल्हगौर, ताखा पश्चिम शिवपुर, छभवां, परासिन, मदरहा आदि दूर-दूर गांवों से आई टीमें हिस्सा लेंगी।


