- भव्य काँवरिया भण्डारे का हुआ आयोजन
जौनपुर धारा, खेतासराय। खेतासराय-जौनपुर मुख्य मार्ग पर स्थित मनेछा तिराहा स्थित शिव हनुमान मंदिर पर साहू समाज के तहसील अध्यक्ष छोटेलाल साहू के नेतृत्व में आयोजित होने वाला भव्य भण्डारा गुरुवार को सम्पन्न हुआ जिसमें श्रद्धालुओं ने जमकर प्रसाद छका। साहू समाज के अध्यक्ष छोटेलाल गुप्ता ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया जिसमें अकबरपुर, जलालपुर से पैदल चलकर जाने वाले हजारों कांवरियों के साथ ग्रामीणों ने भण्डारे में जमकर प्रसाद छका। वहीं भण्डारा से पूर्व काँवरियों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गयी थी। इस दौरान मुकेश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यक्रम की प्रस्तुति की गयी।
- ट्रेन में सवार यात्री नहीं पहुंचा गंतव्य
जौनपुर धारा, शाहगंज। स्थानीय स्टेशन से बुधवार को गंगा ताप्ती एक्सप्रेस ट्रेन से सूरत हेतु निकला व्यक्ति गन्तव्य तक नहीं पहुंचा। फिलहाल परिजनों ने सूरत न पहुंचने पर जीआरपी चौकी प्रभारी को तहरीर सौंपा है। आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थानान्तर्गत चकमूडमिजनी निवासी 45 वर्षीय सुरेंद्र पासवान पुत्र पलकधारी सूरत में एक कारखाने में काम करता है। बुधवार को गंगा ताप्ती एक्सप्रेस ट्रेन में परिजनों ने उसे बैठाकर रवाना किया। गुरुवार देर रात तक सुरेंद्र सूरत नहीं पहुंचा। शुक्रवार दोपहर तक नहीं पहुंच सका जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी ने तहरीर ले परिजनों को लापता व्यक्ति का पता लगाने का आश्वासन दिया है।
- राजीव गांधी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित
जौनपुर धारा, सुजानगंज। क्षेत्र स्थिति प्रणवम स्कूल में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती मनाई गई जिसमें कालेज के प्रबंधक एवं विधानसभा मुंगरा के पूर्व प्रत्याशी डा. प्रमोद के. सिंह ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्हें याद करते हुए बताया कि राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 में हुआ था। वे सिर्फ तीन वर्ष के थे जब भारत आजाद हुआ। वक्ताओं ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला।
- कृषि मंत्री का आगमन 21 को
जौनपुर धारा, जौनपुर। प्रभारी अधिकारी प्रोटोकाल ने अवगत कराया है कि मंत्री कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग सूर्य प्रताप शाही 21 अगस्त को प्रात: 11:30 बजे कृषि विज्ञान केन्द्र बक्शा पहुचेंगे और कृषि विज्ञान केन्द्र का भ्रमण करेंगे।


