― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरएक ब्लाक में एक गांव माडल गांव के रूप में होगा विकसित...

एक ब्लाक में एक गांव माडल गांव के रूप में होगा विकसित : दिनेश्ा प्रताप सिंह

  • खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने आयोजित किया दो दिवसीय किसान गोष्ठी व मेला

जौनपुर धारा, जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अन्तर्गत उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा लोहिया पर्यावरणीय पार्क पॉलिटेक्निक में आयोजित दो दिवसीय किसान गोष्ठी एवं किसान मेले में बतौर मुख्य अतिथि दिनेश प्रताप सिंह राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार उद्यान कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात विभाग का आगमन हुआ। राज्यमंत्री ने शहर के विभिन्न विकासखंडो से आए हुए किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि स्वयं को सम्पन्न बनाने का सर्वोत्तम माध्यम है। यदि कोई किसान अपने उत्पाद का प्रसंस्करण करना चाहता है तो वो भी सरकारी अनुदान प्राप्त कर अपनी नवीन यूनिट लगा सकता है। प्रत्येक शाक- सब्जी के उत्पादन एवं उसके प्रसंस्करण हेतु विभाग उनका भरपूर सहयोग करेगा। उन्होने अपने उद्बोधन में कहा कि उचित प्रबंधन से 1 एकड़ की भूमि से 1.5 एकड़ के बराबर का उत्पादन किया जा सकता है। किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग का सदैव साथ मिलेगा ऐसा आश्वासन दिलाते हुए मंत्री ने कहा कि जनपद के हर एक ब्लाक में एक गांव माडल गांव के रूप में विकसित किया जाएगा एवं प्रत्येक माडल किसान को सम्मानित कर प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत अभियान को संबलता प्रदान किया जाएगा। अंत में मंत्री ने अवधी में भी लोगों का अभिवादन करते हुए पार्क के सौन्दर्यीकरण के लिए अनुदान देने का आश्वासन दिया। जिला उद्यान अधिकारी ममता सिंह यादव ने अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया एवं पीएमएफएमई योजना के अन्तर्गत संबंधित विभागों द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं के बारे में विस्तार से किसानों को बताया एवं पार्क के सौन्दर्यीकरण के लिए पार्क में अत्याधुनिक जिम, रबर पैड, झूला इत्यादि मंत्री के सम्मुख अनुदान का प्रस्ताव रखा, जिसपर मंत्री ने सहर्ष स्वीकृत भी दी। उपनिदेशक उद्यान जय करन सिंह ने किसानो को कम्पनी बाग वाराणसी में आयोजित हो रही फल-पुष्प प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने के लिए सभी किसानो को आमंत्रित किया। सहयोगी सामाजिक संस्था रोट्रैक्ट क्लब के अध्यक्ष कुंवर शेखर गुप्ता द्वारा किसानों के सम्मुख विस्तार से सरकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला एवं किसानो को नवीन व्यवसाय हेतु प्रोत्साहित किया। इस मौके पर कुलदीप योगी, अनन्या गुप्ता, शशिकांत, अरशद, प्रतीक, स्वेछा, कनिष्का, रविन्द्र कुमार सिंह उद्यान निरीक्षक, अरविन्द कुमार सिंह, भेला प्रजापति, पियुष सिंह, अभिलाष सिंह, अंशुल चतुर्वेदी, सुरेश यादव समेत सैकड़ों किसान एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

Share Now...