- वसूली का पैसा लेकर जा रहे थे बीबीपुर गांव, पुलिस छानबीन में जुटी
जौनपुर धारा, जफराबाद। जलालपुर क्षेत्र के सैदपुर नाले की पुलिया पर सोमवार को उत्कर्ष फाइनेंस बैंक के सीओ से बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल सटाकर 40 हजार रुपये लूट लिया। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी रमेश यादव मय फोर्स घटना स्थल पर पहुंच गए। आजमगढ़ जनपद के मऊ परासी गांव निवासी आकाश यादव पुत्र सुभाष यादव उत्कर्ष फाइनेंस बैंक जलालपुर में क्षेत्रीय अधिकारी के पद पर कार्यरत है। सोमवार की सुबह वह सैदपुर गांव में समूह के लोंगो के साथ मीटिंग किया। मीटिंग में वह समूह के बकाया 40 हजार रुपये की वसूली करने के बाद बीबीपुर गांव जा रहे थे। वहां पर भी समूह से पैसा लेना था। सैदपुर गांव से वह जैसे ही मीटिंग के बाद केराकत-कबूलपुर मार्ग पर आए उक्त पुलिया के पास पीछे से एक काले रंग की नई स्पलेंडर बाइक से मुंह बांधे दो बदमाश आये और बाइक के आगे बाइक लगाकर रोक लिया। उसके बाद एक बदमाश ने आकाश यादव को पिस्टल सटा कर दो थप्पड़ मारा और उसके पीठ से बैग निकाल लिया तथा उसका मोबाइल छीन कर बाइक से गयासपुर गांव की तरफ भाग गए। गयासपुर के पास आकाश का मोबाइल सड़क पर गिरा मिला। घटना के बाद वहां राहगीरों की काफी भीड़ जमा हो गयी। एक स्थानीय युवक ने मौके से पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर थाना प्रभारी रमेश यादव तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले को काफी गम्भीरता से लेते हुए मामले की जांच में जुट गए। उन्होंने पत्रकारों से बताया कि उक्त फाइनेंस कम्पनी सहित अन्य इस तरह की कम्पनियों से तीन बार मीटिंग की गई। उनसे कहा गया कि वे नकद पैसा लाने या देने किसी अकेले व्यक्ति को न भेजे। अगर ज्यादा पैसा हो तो उसकी जानकारी पुलिस को दें।



