- परिजनों ने डॉक्टर की लापरवाही का लगाया आरोप, दी थाने में तहरीर
जौनपुर धारा, मुंगराबादशाहपुर। नगर के एक प्राईवेट अस्पताल में महिला के आपरेशन के बाद हालात बिगड़ गये। परिजनों द्वारा प्रयागराज ले जाया गया जहां जच्चा बच्चा दोनों की मौत हो गई। परिजन ने थाने पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस्ा ने उन्हे किसी तरह से शांत कराया। परिजनों ने घटना की तहरीर थाने पर दी है।
शनिवार की सुबह जंघई रोड स्थित मदर प्राईवेट अस्पताल में प्रसव से पीड़ित पूजा सिंह (25) पत्नी विरेंद्र प्रताप सिंह निवासी नारायणपुर खुर्द खोजेमऊ फतनपुर प्रतापगढ़ को आपरेशन के लिए परिजनों द्वारा भर्ती कराया गया। शाम को 6 बजे आपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि आपरेशन के बाद जच्चा बच्चा की हालत बिगड़ गई। आनन फानन में डाक्टर द्वारा पीड़िता को प्रयागराज रेफर कर दिया गया। परिजन एम्बुलेंस से प्रयागराज पहुंचे जब तक पूजा को अस्पताल में भर्ती कराया जाता तब तक मौत हो चुकी थी। परिजन भारी संख्या में थाने पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। थानाध्यक्ष ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। पूजा सिंह के ससुर बृज कुमार सिंह ने अपनी बहू के गलत आपरेशन की वजह से जान जाने का आरोप लगाते हुए अस्पताल संचालक के खिलाफ तहरीर दे दी है। इस बाबत थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी का कहना है कि मृतका के ससुर ने तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कोई स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
- एसडीएम व एडिशनल सीएमओ ने अस्पताल को किया सीज
- मुंगराबादशाहपुर। जंघई रोड स्थित मदर हॉस्पिटल में इलाज में लापरवाही के चलते जच्चा बच्चा की जान चली गई जिसको लेकर उप जिलाधिकारी राजेश चौरसिया, एडिशनल सीएमओ डॉ. राजीव कुमार, सीओ अतर सिंह व प्रभारी चिकित्साधिकारी राजेश कुमार समेत चिकित्सा अधिकारियों ने अस्पताल को सीज कर दिया है। सीओ अतर सिंह ने थाना प्रभारी विवेक तिवारी को अस्पताल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।



