- कोतवाली क्षेत्र के घघरिया गांव में पहुंचे तहसीलदार ने की कार्यवाही
जौनपुर धारा, मछलीशहर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घघरिया में खलिहान खाते की भूमि पर जेसीबी से अवैध तरीके से मिट्टी खोदकर ले जाने की सूचना पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार अजीत कुमार ने ट्रैक्टर सहित जेसीबी को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली पुलिस को सुपुर्द किया है। पुलिस ने दो ट्रैक्टर और जेसीबी को सीज किया है। सोमवार शाम को उक्त गांव के ग्रामीण ने उपजिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया को सूचना दिया कि गांव का एक युवक खलिहान की भूमि से अवैध खनन करवा रहा। जेसीबी संचालक सौ रुपए प्रति ट्राली उक्त युवक को देकर मिट्टी खोदकर मतरी में ले जाकर गिरा रहा है। उक्त सूचना को गंभीरता से लेते तहसीलदार को मौके पर भेजा। हल्का लेखपाल शेर बहादुर सरोज और हल्का दरोगा इष्टदेव पाण्डेय के साथ मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जेसीबी और दोनो ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। कोतवाली पुलिस ने उक्त सामान सीज कर दिया है। मामले में उपजिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया का कहना है कि रात में प्रकरण में वांछित सभी का पता नही चल सका था। लेखपाल को मामले में जानकारी प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है।



