- पुलिस ने बीस ज्ञात समेत पांच अज्ञात के विरुद्ध दर्ज किया मामला, सपा खेमे में हड़कंप
जौनपुर धारा, शाहगंज। नगर पालिका परिषद चुनाव परिणाम के उपरांत सपा प्रत्याशी रचना सिंह के समर्थकों द्वारा मतगणना स्थल से विजय जुलूस निकाला गया। प्रतिबंध के बावजूद सपा के विजय जुलूस निकाले जाने पर पुलिस ने रचना सिंह के पति वीरेंद्र सिंह समेत बीस ज्ञात एवं पांच अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी हैं। एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले चालान भेजा गया है। शेष की तलाश में जुटी पुलिस। मामला रविवार भेर में दर्ज किया गया। शनिवार को शाम अध्यक्ष पद पर नवनिर्वाचित रचना सिंह के समर्थकों ने पुलिस के मना करने के बावजूद विजय जुलूस निकाला। रिपोर्ट में कहा गया है कि परिणाम के उपरांत प्रत्याशी रचना सिंह को स्कोर्ट करते हुए पुराना चौक मोहल्ला स्थित आवास पहुंचाया गया। लौटने के बाद देखा गया कि प्रत्याशी पति विरेन्द्र सिंह बंटी के नेतृत्व में भारी भरकम विजय जुलूस घासमंडी चौक पर आ रही है। इनके साथ संतोष अग्रहरि, अन्नू मोदनवाल, अन्तिम, सैयद गौहर जैदी, बृजेश यादव, मोनू सिंह, चिरन्जू, विशाल, अनवर, महबूब, आजम, समीर, जुनेर, लिजाय, सकील, अभिषेक, अरबाज, इरफान समेत चार पांच अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान दहशत एवं अफरा-तफरी का माहौल रहा। लिहाजा सभी पर भादवि की धारा 147/149/153/186/188/341 व 7 सीएलए एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।


