- करीब 35लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
- स्थानीय लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुत्तुपुर तिराहा स्थित एक कपड़े की दुकान में शुक्रवार की सुबह लगभग चार बजे भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस आगजनी की घटना में दुकान में रखा कपड़ा जलकर राख हो गया। दुकान मालिक ने करीब तीस लाख रुपये से अधिक के नुकसान का दावा किया है।

जानकारी के अनुसार कुत्तुपुर तिराहा निवासी राजू सोनकर की ‘रितिका ए टू जेड फैशनÓ नामक कपड़े की दुकान में शुक्रवार तड़के अचानक आग लग गई। स्थानीय लोग जब सुबह टहल रहे थे तभी उन्होंने दुकान से धुआं निकलता देखा। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दुकानदार को दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक राजू सोनकर मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की टीम कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, जब तक आग बुझाई जा सकी, तब तक दुकान में रखा आधे से ज्यादा कपड़ा जलकर राख हो चुका था। राजू सोनकर ने बताया कि उन्होंने यह दुकान बड़ी लागत से शुरू की थी ताकि ग्राहकों को उचित दामों पर अच्छे कपड़े उपलब्ध कराए जा सकें। उनका कहना है कि इस आग में उन्हें लगभग तीस लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। धीरे-धीरे स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्रित होने लगे। गनीमत यह रही कि घटना तड़के हुई, जिससे आस-पास की दुकानें और रिहायशी इलाका आग की चपेट में आने से बच गया। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की तत्परता की सराहना करते हुए बताया कि यदि समय पर आग पर काबू न पाया जाता तो नुकसान और बड़ा हो सकता था। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है कि शॉर्ट सर्किट कैसे और कहां से हुआ। दुकान मालिक ने प्रशासन से मदद की मांग की है ताकि वह फिर से अपने व्यापार को शुरू कर सके।


