- दोनो पक्षों के 6 लोग चुटहिल, घटना की सूचना पर सीओ व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे
जौनपुर धारा, जफराबाद। जलालपुर क्षेत्र के नत्थनपुर गांव में बुधवार को बच्चों के विवाद में दो सम्प्रदाय के बीच मारपीट हो गयी। मारपीट में दोनों पक्षों के छ: लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर सीओ केराकत गौरव शर्मा तथा थाना प्रभारी रामसरिख गौतम मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। उक्त गांव के प्राइमरी स्कूल के पास पंकज मौर्य की जनरल स्टोर की दुकान है। तीन दिन पहले पंकज मौर्य की दुकान के सामने मुस्लिम बच्चों से किसी से झगड़ा हो रहा था। पंकज ने उन लोगों को दुकान से दूर होने को कहा। उसी बात पर वहां गाली गलौज हुई थी। बुधवार को पंकज को अल्पसंख्यक समाज के कुछ बच्चों ने मारपीट दिया जिसकी जानकारी होने पर दूसरे पक्ष के बच्चे भी पहुंच गए। उसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट में एक पक्ष के पंकज मौर्य 16 वर्ष पुत्र समरजीत मौर्य, मनीष मौर्य 14 वर्ष पुत्र अंशुमान मौर्या तथा दूसरे पक्ष के मुमताज 35 वर्ष पुत्र फजीमुल्ला, नदीम 13 वर्ष पुत्र बबलू, नौशाद 13 वर्ष, रिजवान 12 वर्ष पुत्र मुस्किन चुटहिल हो गए। मारपीट के दौरान आस पास के लोगों ने समझदारी दिखाते हुए दोनों पक्षों को शांत करवाया। उसके बाद घटना की सूचना पर थाना प्रभारी रामसरिख गौतम मौके पर पहुंच गए। दोनो पक्षों के लोगों को थाने ले जाया गया। मामला दो सम्प्रदाय का होने की जानकारी मिलते ही सीओ केराकत गौरव शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। दोनो पक्षों के लोगों से बातचीत की जा रही है। सीओ श्री शर्मा ने बताया कि बच्चों के बीच मारपीट थी। दोनो पक्षों को बुलाया गया है। दोनो पक्षों के लोगों से बातचीत हो रही है। सारे बच्चे नाबालिग है। मामला किसी प्रकार का गंभीर नहीं है।



