- टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल रविवार को इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच MCG में खेला जाएगा
- दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक मार्क वुड फाइनल मैच से पहले अभ्यास करते हुए दिखाई दिए
मेलबर्न. टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच रविवार (13 नवंबर) को खेला जाएगा. मैच मेलबर्न के ऐतिहासिक क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर खेला जाएगा, लेकिन फाइनल से पहले पाकिस्तान के बल्लेबाजों के लिए बुरी खबर है. इंग्लैंड का प्रमुख तेज गेंदबाज फाइनल में वापसी कर रहा है. अपनी तूफानी गेंदों से बल्लेबाजों में खौफ भर देने वाले गेंदबाज मार्क वुड प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहेंगे. बता दें कि वुड इंजरी की वजह से भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में नहीं खेल पाए थे, लेकिन वह मैच से पहले टीम के साथ प्रैक्टिस करते दिखाई दिए हैं, आईसीसी ने इसका वीडियो साझा किया है, जिसमें वह पूरी लय से गेंदबाजी करते दिखाई दे रहे हैं.
दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक मार्क वुड फाइनल मैच से पहले अभ्यास करते हुए दिखाई दिए. यह पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस के साथ ही बल्लेबाजों के लिए भी बुरी खबर है. सेमीफाइनल मैच में अपनी इंजरी के चलते वुड भारत के खिलाफ प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए थे. लेकिन फाइनल मैच से पहले उनकी ग्राउंड पर वापसी पाकिस्तान टीम के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं है. हालांकि, अब तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वुड का फाइनल से पहले प्रैक्टिस करना, मतलब वह फिट हैं और फाइनल खेलेंगे. मार्क वुड की तूफानी गेंदें पाकिस्तान बल्लेबाजी के मिडिल ऑर्डर को तहस-नहस कर सकती हैं. वुड न सिर्फ इंग्लैंड, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज गेंदबाज हैं.
मार्क वुड ने इस वर्ल्ड कप में 154.74 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सबसे तेज़ गेंद डाली हैं. वुड ने इस टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के लिए कुल चार मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 9 विकेट अपने नाम किए हैं. वह अपनी खतरनाक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को चौंका रहे हैं. वुड को खेलना पाकिस्तानी बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा. वहीं, पाकिस्तान टीम भी गेंदबाज़ी के लिहाज़ में किसी से कम नहीं है. पाकिस्तान के पास हारिस रऊफ, शाहीन अफरीदी और नसीम शाह जैसे तेज गेंदबाज मौजूद हैं, जो 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकते हैं.



