- लोहिया पार्क में पतंजलि योग समिति ने कराया प्रशिक्षण, योग शिक्षकों ने लिया संकल्प
जौनपुर धारा,जौनपुर। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के 11वें संस्करण को सफल बनाने के लिए जिले में तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। आयुष विभाग और पतंजलि योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में तहसील स्तर पर योग प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को लोहिया पार्क परिसर में योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पतंजलि योग समिति के राज्य प्रभारी दुर्गेश योगी और सह-प्रभारी अचल हरीमूर्ति ने की। उन्होंने उपस्थित योग शिक्षकों को योग दिवस के दिन जिले के विभिन्न स्थलों पर प्रोटोकॉल अभ्यास सुनिश्चित कराने का संकल्प दिलाया। प्रशिक्षण सत्र में योग प्रशिक्षक अरविन्द यादव ने सर्वाइकल, स्पोंडिलाइटिस, कमर दर्द, रीढ़ की हड्डी और आर्थराइटिस जैसी समस्याओं से निपटने के लिए सरल योगाभ्यास कराए और उनके लाभों की जानकारी दी। वहीं श्री हरीमूर्ति ने जलती रहे योग की ज्योति गीत के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और योग के सैद्धांतिक और व्यावहारिक पक्षों पर प्रकाश डाला। योग सत्र में कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, उद्गीथ, बाह्य प्राणायाम, अग्निसार और नौलि क्रिया का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही ताड़ासन, वृक्षासन, अर्धचक्रासन, सेतुबंधासन, मर्कटासन, उत्तानपादासन, मंडूकासन, सूर्य-नमस्कार सहित अन्य योगिक क्रियाओं का विधिवत अभ्यास हुआ, ध्यान और योग निद्रा के अभ्यास से कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी शशिभूषण, डॉ.नरेंद्र यादव, डॉ.ध्रुवराज, विकास कुमार, शिवपूजन, इंद्रभान, अर्जुन सिंह, बीरा यादव, प्रियंका राजपूत, दीपक मौर्य, सुप्रिया, रजनी, सुजाता, क्षमा सिंह, सन्नी, एसके यादव, नन्दलाल, विवेक तिवारी सहित कई योग प्रशिक्षक मौजूद रहे।



