- खराद की दुकान से मोटर चोरी
जौनपुर धारा, जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित रेलवे फाटक के पास खराद मशीन की दुकान से मोटर चोरी हो गई। सूचना पर पहुंचे जंघई पुलिस चौकी के दीवान ने पास पड़ोस के दुकानदारों से पूछताछ किया। बभनियांव निवासी रामसजीवन विश्वकर्मा की रेलवे फाटक के पास वेल्डिंग की दुकान है। रोज की तरह बुधवार को भी वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह दुकान पर आए ताे दुकान पूर्व की भांति बंद रही किन्तु अंदर देखा तो लोहे का सामान इधर उधर पड़ा था और खराद की मोटर नदारद थी।
- कुत्ता काटने से बालक की हुई मौत
जौनपुर धारा, खुटहन। क्षेत्र के पटैला गांव में गुरुवार को एक 15 वर्षीय बालक की रैबीज बीमारी से मौत हो गयी। मनहूस खबर सुन स्वजनों में कोहराम मच गया। बताते है कि गॉव निवासी जाबिर अंसारी के छ: पुत्र/पुत्रियों में अमान अंसारी सबसे बड़ा था। उसे दो सप्ताह पूर्व में एक कुत्ते ने काट लिया था। परिवार के लोग उसे एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवा रहे थे परंतु, गुरुवार को अचानक अमान की तबियत खराब होने लगी। आनन फानन में स्वजन उसे लेकर अस्पताल गए जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। जवान बेटे की अल्पायु में ही मौत से स्वजनों को गहरा सदमा लगा है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मृत बालक अमान अंसारी ग्रामीण विकास इंटर कॉलेज पटेला मखदुमपुर में कक्षा 9 का छात्र था।
- शाहगंज महोत्सव टला
जौनपुर धारा, शाहगंज। नगर के रामलीला मैदान पर आगामी छह मार्च को सामूहिक विवाह तथा शाहगंज महोत्सव के आयोजन होना था। फिलहाल वह टल चुका है। विधायक रमेश सिंह ने बताया कि आगामी 6 मार्च को आयोजित शाहगंज महोत्सव एवं सामूहिक विवाह कार्यक्रम विधानसभा सत्र प्रारम्भ होने के चलते टाल दिया गया है। आगामी तिथि आने वाले दिनों में तय होगा।
- कार के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत
जौनपुर धारा, जौनपुर। चंदवक क्षेत्र के बजरंगनगर कोइलारी मार्ग पर बराभनपुर सोनहवा पोखरा के पास स्विफ्ट डिजायर कार के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गईं वहीं दूसरा घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि बराभनपुर गांव निवासी लालू सरोज (18) पुत्र कल्लू परीक्षा देने आकाश (16) के साथ बाइक से इंटर कॉलेज कोइलारी जा रहा था। बराभनपुर सोनहवा पोखरा के पास विपरीत दिशा से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार से धक्का लग गया जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। परिजन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी ले गए जहां डॉक्टरों ने लालू को मृत घोषित कर दिया। आकाश का इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वाहन लेकर चालक फरार हो गया।



