- दूल्हा इंतजार के बाद डायल 112 पुलिस को सूचना देकर मायूस लौटा
जौनपुर धारा,जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित सेमरी बिरगहीपुर दलित बस्ती में जयमाल होने के बाद दुल्हन के भाग जाने से दूल्हे और बारातियों का रंग जहां फीका पड़ गया वहीं घराती भी मुंह छिपा कर दुबक गए। मामले की सूचना पाकर 112 पुलिस मौके पर जांच पड़ताल कर वापस हो गई। उक्त गांव निवासी मेवालाल गौतम ने अपनी पुत्री नीलम का विवाह पंवारा थाना क्षेत्र के रामपुर सवाई गांव निवासी राजबली के बेटे राजेश कुमार के साथ 27अप्रैल को तय किया था। बड़ी ही धूम-धाम से लगभग 3 दर्जन वाहनों के काफिले, डीजे, रथ, नौटंकी(नाच) के साथ करीब 200 लोगों के साथ बारात निर्धारित समय पर मेवालाल के दरवाजे पर पहुंच गई। घरातियों ने बड़े उत्साह से बारातियों का स्वागत सत्कार कर उन्हे जलपान कराया। द्वारचार की रस्म पूरी की गई। रात 11बजे दुल्हन सज धज कर जयमाल के लिए आई। लगभग 1घण्टे तक जयमाल की रस्म पूरी की गई। बारातियों को भोजन कराने के बाद मण्डप में विवाह की तैयारी की जाने लगी तो पता चला कि घर में दुल्हन ही नहीं है। परिजन बिना किसी को कुछ बताए उसे खोजने लगे। धीरे-धीरे बारातियों को भी इस बात की भनक लग गई। रात भर दूल्हा विवाह के लिए दुल्हन का इंतजार करता रहा। मनोरंजन के लिए आए नाच, डीजे सब बंद हो गए। सुबह होने पर दूल्हे पक्ष के लोगों ने डायल-112 पुलिस को मामले से अवगत कराते हुए बिन दुल्हन के मायूस होकर बारात लेकर वापस चले गए।



