― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरखबरे एक नजर में...

खबरे एक नजर में…

  • करंट से महिला की मौत

जौनपुर धारा, जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के लखनीपुर गांव में पंखे में उतरे करंट से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजन गुरुवार सुबह अंत्येष्टि हेतु ले गए। उक्त गांव निवासी गुड्डी देवी पत्नी स्व. चंद्रपाल गौतम बुधवार रात्रि घर में फर्राटा पंखा लगाने जा रही थी। अचानक पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। मृतका के पति की मौत करीब दो वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

  • ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की मौत

जौनपुर धारा, जफराबाद। जलालपुर क्षेत्र के वाराणसी मुरारपुर रेलवे क्रासिंग पर गुरुवार को एक 38 वर्षीय युवक  की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गयी। मृतक फुल्की की दुकान चलाता था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उक्त क्षेत्र के बछइला (हौज) गांव निवासी चन्द्रशेखर राजभर उर्फ मिंटू पुत्र अरविंद राजभर ठेले पर फुल्की का बिजनेस करता था। वह अपनी दुकान से बाइक लेकर घर जा रहा था। उक्त क्रासिंग पर दुर्भाग्यवश पटना कोटा ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर मौत हो गयी। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की माँ राजकुमारी पत्नी उर्मिला तथा बच्चे अंशिका 8 वर्ष, लालू 7 वर्ष तथा पलालु 5 वर्ष का रो रोकर हाल बेहाल है।

  • घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत आजाद रेलवे फाटक पर बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिसमें एक युवक की बीएचयू में इलाज के दौरान मौत हो गई।

क्षेत्र के सिधाई गांव निवासी 22 वर्षीय शहंशाह पुत्र जलालुद्दीन व 24 वर्षीय शादाब पुत्र सिन्नेद बुधवार की शाम को किसी काम से पारा कमाल गांव जा रहे थे कि आजाद रेलवे क्रासिंग पर तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई जिसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उक्त घायलों की हालत गंभीर देख वाराणसी बीएचयू रेफर कर दिया गया जहां गुरुवार की देर शाम शादाब की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने पुलिस को बगैर सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

  • भूमि विवाद में तीन घायल

जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत रामपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर पट्टीदारों ने मां व दो बेटियों को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर मौजूद परिजनों ने पुलिस को सूचना दे इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

बीबीगंज चौकी क्षेत्र के रामपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर पट्टीदारों ने 22 वर्षीय पूजा, 20 वर्षीय आरती पुत्रीगण इन्द्रजीत व 40 वर्षीय उर्मिला पत्नी इन्द्रजीत को लाठी डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर मौजूद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। उन्हें इलाज हेतु राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।

  • किशोरी के अपहरण का आरोपित गिरफ्तार

जौनपुर धारा, जौनपुर। कोतवाली पुलिस ने किशोरी के अपहरणकर्ता को उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया है। क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को चार दिन पूर्व खेपतपुर निवासी मुकेश कुमार उर्फ मेटा बहला फुसला कर अपहरण कर लिया था। खोजबीन करने के बाद किशोरी के पिता ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज कर जब पुलिस ने दबाव बनाया तो आरोपित किशोरी को लेकर घर आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, वहीं पुलिस ने किशोरी को भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक जेपी यादव ने बताया कि किशोरी का बयान व मेडिकल कराया जाएगा।

  • वारंटी धराया

जौनपुर धारा, खुटहन। स्थानीय चौराहे से पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को एक वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे चलान न्यायालय भेज दिया गया। इमामपुर गांव निवासी रमेश सोनी एक मुकदमे में वांछित चल रहा है। कई बार नोटिस के बाद भी वह हाजिर न्यायालय नहीं हो रहा था। उसके खिलाफ वारंट जारी हुआ था।

  • बाजार जाने के लिए निकला रिटायर्ड रेलकर्मी लापता

जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के रसूलपुर ओझइनिया गांव निवासी एक वृद्ध 25 जून को घर से बाजार जाने के लिए निकला और लापता हो गया। वृद्ध के घर न पहुंचने पर घर वालों ने थाने में तहरीर देकर गुहार लगाई है। रसूलपुर ओझैनिया निवासी शिव वचन राम 62 जो कि रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त होकर घर पर ही रह रहे थे बीते रविवार को घर से नजदीकी बाजार इटैली जाने के लिए कह कर निकले। जब वह देर रात तक नहीं लौटे तो घरवालों ने हर संभावित जगहों पर तलाश की। अंतत: थाने में तहरीर देकर गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिली है कार्यवाही की जा रही है।

  • मनायी गई पुण्यतिथि

जौनपुर धारा, सुइथाकला। क्षेत्र के ईशापुर गांव स्थित श्री सूर्यपाल गंगा प्रसाद सिंह न्यू मार्डन पब्लिक स्कूल गंगा आश्रम परिसर में बुधवार को शिक्षाविद् स्व. ठाकुर गंगा प्रसाद सिंह की 76वीं पुण्यतिथि बड़े ही धूमधाम के साथ मनायी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। लोगों द्वारा उनके कृत्यों से सीख लेने पर बल दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद सिंह और संचालन विद्यालय के प्रबंधक देवेश कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

  • विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान आज से

जौनपुर धारा, जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराना है कि जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक एवं दस्तक अभियान (17 जुलाई से 31 जुलाई) तक चलाया जाना है, जिसमें सभी विभागों के कार्य एवं दायित्व निर्धारित किये गये हैं। अभियान का उद्घाटन सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह प्रिंसू 1 जुलाई को जिला टीबी चिकित्सालय परिसर से प्रात: 10 बजे  से जनजागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखा कर रवाना किया जायेगा।

  • अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध की मौत

जौनपुर धारा, जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के बाईपास मार्ग पर एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने पैदल जा रहे एक वृद्ध को टक्कर मार दिया। टक्कर लगते ही वृद्ध की मौके पर मौत हो गई।

थाना क्षेत्र के गोंडा खास कुतलुपुर गांव निवासी रमाशंकर चौहान 70 शुक्रवार को शाम को लगभग साढ़े पांच बजे बाईपास मार्ग पर पैदल जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उक्त वृद्ध जैसे ही बाईपास दरीबा गांव के पास पहुचां तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दिया जिससे वृद्ध की मौके पर मौत हो गई। टक्कर मारते ही अज्ञात चार पहिया वाहन मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी ने कहा कि परिजनों द्वारा यदि तहरीर दी जाती है तो अज्ञात वाहन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

  • गांव की खुशहाली के लिए हुआ हवन पूजन

जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। क्षेत्र के मनिहा गोविंदपुर गांव में स्थित करुआ सन डीह बाबा प्रांगण में चल रहे दो दिवसीय पूजन का समापन शुक्रवार को हवन पूजन और भंडारे के साथ सम्पन्न हुआ। इसमें गांव के साथ साथ अन्य गांव के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। ग्रामीणों द्वारा नौ सालों से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता रहा है। ग्रामीणों की मान्यता है कि दस वर्ष पूर्व गांव में लगातार कई अकाल मौत हुई जिसके बाद ग्रामीणों ने जून माह की 29 और तीस को पूजन पाठ और भंडारे की तिथि निर्धारित की जो लगातार चल रही है। साथ ही ग्रामीणों का मानना है कि अब गांव खुशहाल है। इस पूजन में हिंदुओं के साथ साथ मुसलमान परिवार भी चंदे में सहयोग करता है। इस अवसर पर विनीत शर्मा, जय प्रकाश दुबे, विजय दुबे, जंगबहादुर सिंह, मितई सरोज आदि लोग मौजूद रहे।

Share Now...