- अलिवस लाइफ साइंसेज़ की प्लेसमेंट ड्राइव फरवरी-मार्च 2026 में
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अलिवस लाइफ साइंसेज़ लिमिटेड (पूर्व में ग्लेनमार्क लाइफ साइंसेज़ लिमिटेड) द्वारा जागरूकता एवं करियर-उन्मुख कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कंपनी ने इस अवसर पर घोषणा की कि वह फरवरी-मार्च 2026 में विश्वविद्यालय परिसर में प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करेगी। इस जानकारी से छात्रों में उत्साह और उम्मीद का वातावरण देखा गया। कार्यक्रम के अंतर्गत कंपनी ने क्विज़ प्रतियोगिता और पोस्टर मेकिंग अवेयरनेस प्रोग्राम भी कराया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को फार्मास्यूटिकल उद्योग, एपीआई निर्माण, वैश्विक बाजार एवं उभरती तकनीकों से परिचित कराना था। छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। अलिवस लाइफ साइंसेज़ उच्च मूल्य वाले, नॉन-कमोडिटाइज्ड एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रीडिएंट्स के विकास और निर्माण के लिए जानी जाती है। कंपनी कार्डियोवस्कुलर, सेंट्रल नर्वस सिस्टम, पेन मैनेजमेंट और डायबिटीज जैसी पुरानी(क्रॉनिक) थेरेपी में विशेषज्ञता रखती है तथा विश्व की शीर्ष 20 जेनेरिक कंपनियों के साथ सहयोग करती है। कंपनी की ओर से सत्यम चौरसिया (कॉलेज लाइन-अप हेड) और शिवम पांडेय(ट्रेनर) उपस्थित रहे। पूरा आयोजन सेंट्रल ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में प्रो.राजेंद्र सिंह (राज्जू भैया) इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल साइंसेज़ फॉर स्टडी एंड रिसर्च में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सेंट्रल ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों के करियर निर्माण में मील का पत्थर साबित होंगे। इस अवसर पर डॉ.नितेश जायसवाल, कार्यालय प्रभारी श्याम त्रिपाठी, छात्र सदस्य दिव्यांशु संजय, आयुष गुप्ता सहित अनेक छात्र उपस्थित रहे।


