― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरएम.एस.सी.रसायन विज्ञान में आरक्षित श्रेणी के लिए प्रवेश का सुनहरा अवसर

एम.एस.सी.रसायन विज्ञान में आरक्षित श्रेणी के लिए प्रवेश का सुनहरा अवसर

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के परिसर स्थित रसायन विज्ञान विभाग में एम.एस.सी.रसायन पाठ्यक्रम सत्र 2025-2027के लिए आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को प्रवेश का एक और अवसर प्रदान किया जा रहा है। विभागाध्यक्ष डॉ.प्रमोद कुमार ने जानकारी दी कि प्रो.राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) संस्थान के रसायन विज्ञान विभाग में पीयूकैट-2025 के अंतर्गत संपन्न हुई प्रथम चरण की काउंसलिंग में अनारक्षित श्रेणी की सभी सीटें पूर्णत: भर चुकी हैं। हालांकि, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्गों की कुछ सीटें अब भी रिक्त हैं। ऐसे में इन वर्गों के पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थी दिनांक 11 अगस्त तक विभाग में संपर्क कर प्रवेश ले सकते हैं। गौरतलब है कि प्रथम वर्ष की कक्षाएं भी 11 अगस्त से विधिवत प्रारंभ हो रही हैं।

चोरी में वांछित बेटे की तलाश में गए चौकी प्रभारी ने मां से की बदसलूकी

केराकत। बेटे की तलाश में पहुंचे चौकी प्रभारी पर महिला के साथ बदसलूकी और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। मामला केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र के थानागद्दी बाजार का है। थानागद्दी चौकी प्रभारी बुधवार की दोपहर, बाजार में स्थित सिराज अली की पत्नी मुन्नी देवी की चूड़ी की दुकान पर पहुंचे और उसके बेटे शहजाद के बारे में पूछा। मुन्नी देवी ने जब अनभिज्ञता जाहिर की तो चौकी प्रभारी उसे चौकी पर उठा ले गए और उसके साथ अभद्रता की। विरोध करने पर उसकी पिटाई की। पीड़िता ने जब इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से करने की बात कही तो चौकी प्रभारी गुरुवार को उसके बड़े बेटे साबिर को उठा ले गए और हवालात में बंद कर दिया। घटना से व्यथित पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। मामले को लेकर नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि कानून-व्यवस्था कायम रखने वाली पुलिस ही अगर आमजन के साथ इस तरह का व्यवहार करेगी तो न्याय की उम्मीद किससे की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने चौकी प्रभारी से मामले की जानकारी ली और किसी को अनावश्यक परेशान नहीं करने की हिदायत दी। इस मामले में चौकी प्रभारी आशुतोष गुप्ता ने कहा है कि मुन्नी देवी का एक लड़का चोरी में वांछित है।

संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब के किनारे मिली बुजुर्ग लाश

  • पुलिस को बगैर सूचना दिए परिजनों ने किया अंतिम संस्कार

खेतासराय। क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई जब 70 वर्षीय एक बुजुर्ग की लाश खेतासराय-जौनपुर मुख्य पर मनेछा ग्राम सभा में स्थित मनाग ताल के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। वे मंगलवार सुबह से घर लापता थे और देर शाम जब वापस नहीं लौटे तो परिजन अगल-बगल तलाश करने लगे। बुधवार की सुबह जब खोजबीन करते हुए मनाग ताल पहुँचे तो शव देखकर परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के शाहापुर निवासी 70वर्षीय छबीले बिन्द मंगलवार को नित्य की भांति कमल का फूल निकालने गए। देर शाम तक वह घर नहीं लौटे तो परिजन खोजबीन चालू कर दिए। लेकिन कही सुराग नहीं चल सका। बताया जाता है कि बुधवार की सुबह परिजन पुन: ताल की तरफ तलाश करने गए तो ताल के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजन पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया। विदित हो कि छबीले बीते कई वर्षों से कमल का फूल व बेल-पत्र तोड़कर बनारस जाकर बेचते थे। यही उनका जीवनयापन का एकमात्र साधन था। उम्र के इस पड़ाव में भी वे अपने परिवार की जिम्मेदारी को पूरी मेहनत से निभा रहे थे। उनका परिवार बेहद गरीब है और आर्थिक कठिनाईयों के बीच वे किसी तरह अपने परिजनों का पेट पाल रहे थे। छबीले बिन्द की पत्नी का निधन 25वर्ष पूर्व सर्पदंश (सांप काटने) से हो गया था। तभी से उन्होंने अकेले ही अपने इकलौते पुत्र सूरज बिन्द की परवरिश की। सूरज रोजी-रोटी के लिए मुम्बई मज़दूरी करता है और पूरे परिवार की आजीविका का एक सहारा बना हुआ है। छबीले बिन्द अपने पीछे बहु आरती बिन्द और अंश (12), आरुही (8), आरुषि (4) व आयुष (2) पोते-पोतियों को छोड़ गए है। घर से सबसे बुजुर्ग और जिम्मेदार सदस्य के अचानक चले जाने से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। बहु आरती का रो-रोकर बुरा हाल है और बच्चे गहरे सदमे है। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया मामले की जानकारी नहीं है।

अनियंत्रित बाइक सवार ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, दोनों घायल

सुइथाकला। बुधवार सुबह क्षेत्र के सारी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर एक बाइक सवार ने आगे चल रहे साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दोनों गिरकर घायल हो गए। उस दौरान साइकिल सवार को जहां हल्की-फुल्की चोट लगी, वहीं बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने घाव की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बुधवार पूर्वाह्न सारी जहांगीर पट्टी गांव निवासी युवक झिनकू पुत्र कुबेर साइकिल सवार होकर गांव स्थित मोड़ की तरफ आ रहा था। वह लखनऊ बलिया राजमार्ग पर पहुंचा था कि पीछे से आ रहे रूधौली निवासी बाइक सवार युवक धर्मवीर 35पुत्र फिरतू अनियंत्रित होकर साइकिल में टक्कर मार दिया। जिसमें दोनों गिरकर घायल हो गए। उस दौरान साइकिल सवार को जहां हल्की-फुल्की चोट लगी, वहीं बाइक सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। चोट उसके सिर पर अधिक लगी। आनन-फानन में मौके पर लोगों का जमावड़ा सा लग गया। साइकिल सवार को पास के चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया। जबकि सूचना पर पहुंची डायल 112की पुलिस टीम बाइक सवार को आनन-फानन में स्थानीय सीएचसी ले गयी, जहां चिकित्सक ने घाव की गंभीरता को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बाइकों में आमने-सामने की टक्कर, एक युवक की मौत, तीन घायल

खेतासराय। क्षेत्र के बरजी गांव स्थित पुलिया के पास मंगलवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस सड़क हादसे में एक युवक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार खुटहन थाना क्षेत्र के शेखपुर अशरफपुर निवासी 25 वर्षीय हिमांशु पुत्र रमेश राजभर व ताजूपुर निवासी 30वर्षीय लालबहादुर प्रजापति पुत्र रामस्वारथ एक बाइक से कहीं जा रहे थे। उसी समय सामने से सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भरोठा निवासी 35वर्षीय जनार्दन व हड़ही निवासी 50वर्षीय दयाराम एक अन्य बाइक से आ रहे थे। बरजी गांव के पास दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान हिमांशु की मौत हो गई। तीन अन्य घायल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को परिजनों को सौंप दिया।

बकरी चोरी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार

  • पुलिस की तत्परता से सलाखों के पीछे पहुँचा अभियुक्त

खेतासराय। खेतासराय पुलिस ने अपनी तत्परता और सक्रियता का परिचय देते हुए बकरी चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई बकरी बरामद कर ली तथा विधिक कार्यवाई करते हुए चालान भेज दिया। प्रभारी रामाश्रय राय ने बताया कि क्षेत्र के गुरैनी गांव में बकरी चोरी की सूचना पीआरवी टीम को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जसोपुर निवासी बीर बहादुर यादव पुत्र शर्माजीत यादव (23 वर्ष) को चोरी की गई बकरी के साथ धर दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।

Share Now...