― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरउत्तरदायित्वों के प्रति संवेदनशील बने छात्र -प्रो. प्रमोद सिंह

उत्तरदायित्वों के प्रति संवेदनशील बने छात्र -प्रो. प्रमोद सिंह

जौनपुर धारा, चंदवक। श्री गणेश राय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोभी में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का उद्घाटन करने के पश्चात शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक शिविरार्थी के अंत:करण में दायित्वबोध का होना आवश्यक है। सभी का समाज व राष्ट्र के प्रति कर्तव्य निर्धारित है इसलिए आवश्यक है कि प्रत्येक शिविरार्थी राष्ट्रीय एवं सामाजिक कर्तव्यों के प्रति संवेदनशील बने। उन्होंने बताया कि श्रम एवं अनुशासन जीवन में सफलता के मूलमंत्र है। सफल होने के लिए कठिन परिश्रम करना होगा। शॉर्टकट के माध्यम से कोई सफल नहीं हो सकता। सकारात्मक सोच ही मानव को लक्ष्य की ओर बढ़ाती है। प्रो. सिंह ने राष्ट्रीय सेवा योजना के सिद्धांतों, उद्देश्यों एवं लक्ष्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य डॉ. जोखन सिंह ने शिविरार्थियों को सकारात्मक सोच व आत्मानुशासन के साथ सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. बृजेंद्र कुमार सिंह ने पर्यावरण जागरूकता तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए स्वास्थ्य शिक्षा, आध्यात्मिक स्वास्थ्य, एचआईवी, एड्स जनित संक्रमण, सेक्सुअल एब्यूज, किशोर स्वास्थ्य और जनसंख्या शिक्षा, स्वच्छता, टीकाकरण, साक्षरता, रक्तदान, वृक्षारोपण, शौचालय निर्माण, नशा अवधारणा, मताधिकार एवं वर्षा जल संचयन पर विस्तार से शिविरार्थियों को जानकारी दी। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी प्रो. बृजेन्द्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार जायसवाल, डॉ. निहाल खान व सरिता सिंह उपस्थित रहे।

Share Now...