― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरइंडिया गठबंधन से घबराई हुई है भाजपा : शिवपाल यादव

इंडिया गठबंधन से घबराई हुई है भाजपा : शिवपाल यादव

  • नगर के एक होटल में पत्रकारों से रूबरू हुए सपा के राष्ट्रीय महासचिव

जौनपुर धारा, जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने नगर के एक होटल में प्रेसवार्ता के दौरान कहाकि भाजपा को जनता ने दस साल मौका दिया लेकिन बीते नौ साल में देश को भाजपा ने बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है। भाजपा सरकार ने अपने स्वार्थ के लिए मणिपुर जैसी घटना होने दी। हालात यह है कि आज प्रधानमंत्री लोकसभा का सामना नहीं कर पा रहे हैं। भाजपा की सरकारों ने देश की जनता का भरोसा तोड़ा है। महंगाई, बेरोजगारी बढ़ायी है। किसानों की आय नहीं बढ़ी। लूट हत्या बलात्कार भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। भाजपा सरकार में अपराध नंबर 1 पर हो गया है। देश की जनता अब भाजपा सरकार से निजात पाना चाहती हैं। शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा के लोग इंडिया गठबंधन से घबराए हुए हैं। ये लोग देश को क्या आगे बढ़ाएंगे? भाजपा वाले इंडिया गठबंधन का मुकाबला नहीं कर सकते हैं। भाजपा की सरकार ने महंगाई बहुत बढ़ा दी। डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेण्डर, सरसों का तेल, खाने-पीने की चीजें सब महंगी हैं। इस सबका मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है? भाजपा सरकार गरीब और मध्यम वर्ग की जेब काटकर मुनाफा अपने उद्योगपति मित्रों की तिजोरियों में डाल रही है। इंडिया गठबंधन में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन में बहुत से अनुभवी नेता हैं। सभी ने अपने-अपने राज्यों में अच्छे और बड़े विकास कार्य किये हैं। गठबंधन के लिए पीएम पद कोई मुद्दा नहीं है। हमारे पास कई चेहरे हैं कई च्वाइस हैं। जबकि भाजपा के पास तो सिर्फ एक चेहरा है। बीजेपी के पास कोई च्वाइस नहीं है। इस मौके पर मुख्य रूप से विधायक लकी यादव, पंकज पटेल, पूर्व विधायक लल्लन प्रसाद यादव, लाल बहादुर यादव, निवर्तमान अध्यक्ष डा. अवधनाथ पाल, सत्येंद्र उपाध्याय, संगीता यादव, राहुल त्रिपाठी आदि लोग उपस्थित रहे।

Share Now...