- प्रशासन व पुलिस के समझाने के बाद भी ग्रामीण अड़े
- मामला मनवल में पशु बांधने के दौरान कुल्हाड़ी से हमले में युवक की मौत का
जौनपुर धारा, जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मनवल गांव में मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। कहाकि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती और उसका मकान नहीं गिराया जाता उसके बाद ही दाह संस्कार की प्रक्रिया की जायेगी। पुलिस व प्रशासन के समझाने के बाद भी ग्रामीण अपनी मांग को लेकर अड़े हुए हैं। गांव में स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। मनवल गांव निवासी सभापति यादव व गांव के अमरसेन यादव के बीच जमीनी विवाद है जिसका मामला न्याय्ाालय में लंबित है। मंगलवार को अमरसेन पक्ष के लोग विवादित जमीन पर खूंटा गाड़ कर पशु बांध रहे थे। सभाजीत यादव के मना करने पर परिवार के लोगों पर कुल्हाड़ी लाठी-डंडों से हमला कर दिया जिसमें सभाजीत यादव, पत्नी राधिका देवी, बेटा अभिषेक यादव, अश्वनी यादव, अग्निवेश यादव व आदित्य यादव जख्मी हो गए थे। आदित्य की बीएचयू के ट्रामा सेंटर में गुरुवार की दोपहर उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर परिवार के लोगों से शुक्रवार की सुबह तक छिपाई गई थी। पोस्टमार्टम के बाद सुबह शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के लोग आक्रोशित हो गए और सड़क जाम करने की योजना बना रहे थे तभी भारी संख्या में पुलिस व प्रशासन के लोग गांव में पहुंच गए और अंतिम संस्कार करने की बात कही लेकिन ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और विवादित भूमि पर बने उनके मकान को गिराने की मांग पर अड़ गए। पुलिस समझाने बुझाने में जुटी हुई है। फिलहाल अब तक कोई निष्कर्ष नहीं निकला है। गांव में स्थित तनावपूर्ण देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। सीओ के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार नदियापार पर कर दिया।



