होमगार्डों के भरोसे संचालित हो रही ट्रैफिक व्यवस्था
जौनपुर धारा, जौनपुर। यूपी के जनपद जौनपुर में अवैध रूप से वाहनों पर हूटर लगाकर लोग बेखौफ घूमते हुए देखे जा रहें हैं। वहीं कुछ गाड़ियों पर भाजपा का सिम्बल लगा है तो कुछ पर पुलिस का, लेकिन पुलिस प्रशासन की कार्रवाई लागातार फीकी नजर आ रही है।
बता दें कि जनपद में इन दिनों अवैध रूप से वाहनों पर हूटर लगाने का रिवाज शुरू हो गया है। यहां हर छोटे-बड़े नेता की गाड़ी पर सत्ता पक्ष सिम्बल व हूटर आसानी से देखा जा सकता है। गाड़ियों पर हूटर लगाकर सड़कों पर चलने वाले कथित नेताओं की दबंगई भी आए दिन देखने को मिलती रहती है। वहीं शासन से भी स्पष्ट निर्देश है कि गाड़ियों पर हूटर लगाकर चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। लेकिन पूछताछ तो दूर की बात क्षेत्रीय पुलिस प्रशासन ऐसे गाड़ियों को रोकने से कतरातें हैं। हालांकि जिले में सड़क सुरक्षा अभियान चल रहा है और इसके तहत अवैध रूप से वाहनों पर हूटर लगाकर चलने वाले लोगों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हो पा रही है। इसके पीछे मुख्य कारण यह है कि चौराहों और नाकों पर जहां ट्रैफिक पुलिस मुस्तैद रहनी चाहिए वहां पर होमगार्डो से काम चलाया जा रहा है। चौराहों पर तैनात होमगार्ड सिर्फ आने-जाने वाले लोगों को रास्ता दिखाने व लगे जाम को बहाल कराने में पसीना बहाते रहते हैं लेकिन दबंग नेताओं के आगे होमगार्ड भला कितनी देर ठहर पायेंगे। कोई उन्हें सिर्फ आंख दिखाकर चलता बनता है तो कोई डांट-फटकार तक देता है। सूत्रों की मानें तो वहीं ट्रैफिक पुलिस जगह-जगह चेकिंग के नाम पर सिर्फ वसूली अभियान में लिप्त रहती है। वहीं देखा जाय तो नगर के हर चौराहे से गुजरने वाली हूटर लगी गाड़ियां सड़कों पर सरपट दौड़ती रहती हैं। कभी नो-इंट्री तो कभी बीच सड़कों पर खड़ी मिलती हैं लेकिन यातायात पुलिस की निगाहें इन पर टिकती तक नहीं। ऐसा ही एक मामला सोमवार को नगर के जोगियापुर से कचहरी रोड पर एमएच02 सीएल 0658 नं. की ब्लैक कार देखी गयी जिस पर सत्ता पक्ष का झण्डा लगा हुआ था और बेखौफ सड़कों पर हूटर बजाते हुए उड़ान भर रही थी। उक्त कार में ब्लैक शीशा भी लगा हुआ था जो कि शहर के वीआईपी इलाके से सत्ता की हनक दिखाते हुए गुजर गयी जबकि उसी रास्ते पर एसपी आफिस, मियांपुर पुलिस चौकी, लाइन बाजार थाना सहित तमाम उच्चाधिकारियों व आवास है। इससे यह प्रतीत होता है कि इन मनबढ़ नेताओं में शासन-प्रशासन का कोई खौफ नहीं है।



