जौनपुर धारा, खेतासराय। शाहापुर गांव के पास अपनी दुकान पर गल्ला व्यापारी समेत दो लोग संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत मिले। जानकारी होने पर अचेतावस्था में दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। शाहापुर गांव निवासी अजय तिवारी की जमदहां के समीप गल्ले की दुकान है। शनिवार की शाम अजय तिवारी और उनके गांव के रामअवध तिवारी दुकान पर बेहोशी की हालत में मिले। परिजनों को जानकारी होने पर उन्हें क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टर सस्पेक्टेड प्वाइजनिंग बता रहे हैं। पूरा होश में होने पर ही स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल दोनों लोग खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। वहीं चर्चा है कि दुकान पर गेहूं बेचने गये एक अज्ञात के प्रâूटी पिलाने के बाद दोनों लोगों की ऐसी हालत बनी है। मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा है।
करेंट की चपेट में आने से युवक की मौत
जौनपुर धारा, बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर गांव में फर्राटा पंखे की बाड़ी में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवक की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। शाहपुर गांव निवासी करीब 22 वर्षीय रूदल निषाद अपने घर के अंदर बिजली बोर्ड में मोबाइल फोन चार्जिंग में लगा रहा था। वहीं बगल में चल रहा फर्राटा पंखे की बाडी में उतरे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में स्वजनों ने रूदल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गये जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।
भाजपा कार्यालय पर हुई तैयारी बैठक
जौनपुर धारा, जौनपुर। केंद्र सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूरे होने पर 22 जून को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक आ रहे हैं। इसको लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय पर आगामी 22 जून को होने वाली जनसभा को लेकर एक बैठक जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में बृजेन्द्र राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सुशील मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ बंदे मातरम के गान से शुरू हुआ। जनसभा को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई।
शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील
जौनपुर धारा, खेतासराय। बकरीद और श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर रविवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। जिसमें पुलिस निरीक्षक ने परंपरागत तरीके से बकरीद मनाने की बात कही। कुबार्नी के लिए शासन की गाइडलाइन का अनुपालन को कहा गया।
पुलिस निरीक्षक राजेश यादव ने कहा कि कुर्बानी के इस पर्व को आपसी भाईचारा के साथ मनाएं। शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। खुले में कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। घरों में कुर्बानी करने के बाद अवशेष को खुद डिस्पोजल कर दें। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं होगी। इस मौके पर जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय, कपूर चंद्र जायसवाल, संजय कुमार विश्वकर्मा, मनीष गुप्ता, मोनू गुप्ता, इलियास अहमद, फारुक आजम, मो. इसराइल उपस्थित रहे।
लड़की भगाने का मुकदमा दर्ज
जौनपुर धारा, जौनपुर। पवांरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत एक गांव निवासी ने थाने पर प्रार्थना-पत्र दिया कि 16 जून को मेरी पुत्री गायब हो गयी। हम लोगों ने काफी खोजबीन किया लेकिन कहीं पता नहीं चला। बाद में पता चला कि मेरे ही गांव के विकास सरोज, पिन्टू सरोज, राजा सरोज व राहुल प्रजापति ने मेरी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गये हैं। पुलिस प्रार्थना-पत्र के आधार पर उपरोक्त लोगों के खिलाफ सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गयी है।
बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, दो घायल
जौनपुर धारा, जफराबाद। जलालपुर क्षेत्र के नत्थनपुर कबुलपुर नहर मार्ग पर शनिवार की रात को बोलेरो ने एक बाइक को टक्कर मार दिया जिससे बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए। बाइक पर बैठे युवक को काफी चोट आई। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल के जाया गया। जलालपुर क्षेत्र के सोनबरसा पुरवा निवासी गांव राजेन्द्र प्रसाद अपने रिश्तेदार के लड़के दिनेश कुमार को बाइक पर बैठाकर शहर जा रहे थे। जैसे ही बाइक उक्त स्थान के पास पहुंची तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक चार बोलेरो ने टक्कर मार दिया। टक्कर से दोनों बाइक सवार छिटक कर सड़क पर गिर पड़े। जिसमें बाइक पर पीछे दिनेश कुमार 32 वर्ष को गंभीर चोट आई। उनके हाथ की एक उंगली कट गई तथा सिर में भी चोट आई। वहीं बाइक चला रहे राजेन्द्र प्रसाद भी घायल हो गए।



