जौनपुर धारा,जौनपुर। केराकत क्षेत्र के एक गांव से एक युवती अपनी शादी के दिन ही तड़के सुबह करीब 4बजे घर से अचानक लापता हो गई। शादी की तैयारियाँ अंतिम चरण में थीं, बारात आने में कुछ ही घंटे बाकी थे, घर मेहमानों से भरा था, हर तरफ खुशियों का माहौल था। लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सबकुछ बदल कर रख दिया। परिजनों के अनुसार युवती अपने कमरे में सोई हुई थी। सुबह जब घर के अन्य सदस्य जागे तो देखा कि उसका दरवाज़ा खुला था और वह कमरे में नहीं थी। पहले तो उन्होंने समझा कि शायद वह आस-पास ही होगी, लेकिन काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। जैसे-जैसे समय बीतता गया, परिवार की चिंता बढ़ती चली गई। जब घरवालों को यकीन हो गया कि वह घर छोड़कर चली गई है, तो मानो उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। युवती की मां इस सदमे को सहन नहीं कर पा रही हैं, और वह बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। परिजनों ने बताया कि युवती के कमरे से कोई सुसाइड नोट या अन्य सुराग भी नहीं मिला है। जिससे यह पता चल सके कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। जब इस घटना के बारे में केराकत कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार राय से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि ‘मुझे अभी तक इस मामले की कोई भी सूचना नहीं दी गई है। यदि शिकायत आती है तो पूरी गंभीरता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
― Advertisement ―
शादी के दिन ही बारात आने से पहले युवती घर से हुई फरार

Previous article

