― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरलाइन बाजार थाना क्षेत्र में तड़तड़ाई गोलियां, एक घायल

लाइन बाजार थाना क्षेत्र में तड़तड़ाई गोलियां, एक घायल

  • नगर के कलीचाबाद में बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
  • एक आरोपी गिरफ्तार, घायल का जिला अस्पताल में चल रहा उपचार

जौनपुर धारा, जौनपुर। जनपद के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कलीचाबाद मोहल्ला में बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर लाइन बाजार थाने की पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गई। आनन फानन घायल को जिला अस्पताल भेजवाया गया। घटना में शामिल दो व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस लाइन बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। रविवार की रात तेजीबाजार थाना क्षेत्र के गौरीकला खुंसापुर निवासी नितेश सिंह और दिव्यांश सिंह बोलोरो गाड़ी से कहीं जा रहे थे। वे कलीचाबाद पहुंचे थे कि तभी सामने से काले रंग की स्कॉर्पियो आकर रुकी। इस दौरान स्कार्पियो सवार बदमाशों और नितेश सिंह से वाद विवाद हो गया। विवाद होते होते बदमाशों ने फायर कर दिया। गोली नितेश सिंह के पेट में लगी। नितेश लहूलुहान अवस्था में वहीं गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोग डर के मारे अपने घरों में दुबक गए। गोली चलने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर लाइन बाजार थाने की पुलिस और क्षेत्राधिकारी कुलदीप गुप्ता घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। घटना के पीछे का कारण अभी पता नहीं चल सका है। सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता ने बताया कि आरोपी अभिनव उर्फ साहिल और एक अज्ञात के विरुद्ध थाना लाइन बाजार में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना का कारण पता लगाने के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।

Share Now...