- 387 वाहनों का काटा चालान, साढ़े पांच लाख की राजस्व वसूली
जौनपुर धारा, जौनपुर। यातायात प्रभारी जीडी शुक्ला और संभागीय परिवहन निरीक्षक एके श्रीवास्तव द्वारा सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के सातवें दिन रोडवेज परिसर में चालकों और परिचालकों को रात्रि में सड़क सुरक्षा के मद्देनजर हेड लाइट हाई बीम, लो बीम के प्रयोग तथा यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया। इस दौरान चालकों को लेन ड्राइविंग के बारे में भी बताया गया। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 31 जुलाई तक चलाया जाएगा। जिसके संबंध में यातायात पुलिस द्वारा सीट बेल्ट, हेलमेट और सड़क के नियमों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। रविवार को वाहन चालकों को रात में हेड लाइट के हाई बीम, लो बीम के प्रयोग के संबंध में जागरूक किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात देवेश सिंह, निरीक्षक यातायात जीडी शुक्ला द्वारा शहर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर वाहनों पर निशुल्क रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप को लगाने के लिए प्रेरित किया गया। सड़क के किनारे खड़े अवैध वाहनों को हटाया गया। चालकों को लेन ड्राइविंग के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाते हुए ब्लैक फिल्म के प्रयोग, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की अनिवार्यता, हेलमेट, सीट बेल्ट, सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के पार्किंग, मदिरापान करके वाहन न चलाने के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन में कुल 387 लोगों का चालान करते हुए 5,61,500 रूपए की राजस्व वसूली की गई।



