- सोंधी पीएचसी पर पेयजल की किल्लत, पानी के लिए भटकते हैं मरीज
- महिला मरीजों के लिए नहीं लगा टीन शेड, कड़ी धूप में प्रतीक्षा के लिए बाध्य
जौनपुर धारा, खेतासराय। इस भीषण गर्मी में हर किसी को प्यास बुझाने के लिए पानी की जरूरत पड़ती है। ऐसे में पीएचसी सोंधी पर पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। पीएचसी पर आठ महीने से लग रहा वाटर कूलर अभी तक चालू नहीं हो पाया। मरीजों और उनके तीमारदारों को पेयजल की किल्लत उठानी पड़ रही है। वहीं महिला मरीजों के बैठने का इंतजाम कोई नहीं है। पीएचसी के बाहर सिर्फ एक इण्डिया मार्का हैंडपंप लगा है। गर्मी में पेयजल की मांग बढ़ जाती है। बीते वर्ष गर्मी के महीने में तत्कालीन डीएम मनीष कुमार वर्मा ने निरीक्षण के दौरान पीएचसी पर पेयजल की व्यवस्था कराने के लिए व प्रसव कक्ष पर टीन शेड रखने के लिए नगर प्रशासन को निर्देश दिया था। डीएम के निर्देश पर पीएचसी पर वाटर कूलर लगाने की प्रक्रिया शुरू हुई। आठ माह का समय बीत गया। फिर भी वाटर कूलर चालू नहीं किया जा सका। अब इस भीषण गर्मी में मरीजों और उनके तीमारदारों को पेयजल के लिए दर दर भटकना पड़ता है और न ही महिला मरीजों के प्रतीक्षा के लिए टीन शेड की व्यवस्था की गई भीषण गर्मी में मरीज कड़ी धूप में प्रतीक्षा के लिए बाध्य हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. रमेश चंद्रा ने बताया कि गर्मी में वाटर कूलर चालू कराने के लिए नगर प्रशासन से कई बार कहा गया। फिर भी अभी तक वाटर कूलर शुद्ध पेय जल को चालू नहीं कराया गया। रोज दो बॉटल पानी खरीद कर पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है।



