- हीटवेव से मरने की जतायी जा रही आशंका
जौनपुर धारा, जौनपुर। सुइथाकला थाना क्षेत्र के पट्टीनरेन्द्रपुर में मंगलवार को बहन की डोली उठने के बाद हुई भाई की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मौत के कारणों के पीछे लोगों द्वारा हीट वेव की आशंका जतायी जा रही है। फिलहाल परिजनों द्वारा लाश का अन्तिम संस्कार कर दिया गया। बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के पट्टीनरेंद्रपुर निवासी जगदीश मोदनवाल का बेटा रोहित 19 जून को होने वाली बहन की शादी में शामिल होने एक सप्ताह पूर्व मुम्बई से घर आया हुआ था। वह मुम्बई में टाइटन आईं प्लस कम्पनी में नौकरी करता था। घर आने के बाद वह अपनी बहन की शादी के कार्यक्रम में तल्लीनता से जुट गया। बहरहाल सारे रस्म रिवाज के बाद दूसरे दिन मंगलवार को बहन की विदाई हुई। बहन की डोली उठने के बाद उसे गर्मी और थकान महसूस होने लगी, जिस पर लोगों द्वारा उसे आराम करने की सलाह दी गई। आराम मिलने की जगह उसकी तबियत और बिगड़ने लगी, जिस पर लोग उसे आनन फानन में शाहगंज अस्पताल ले जा रहे थे कि इसी बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बेटी की डोली उठने से लोग उदास ही थे कि जवान बेटे की मौत की सूचना ने सभी को बदहवास कर दिया। चारों तरफ कोहराम मच गया। लोगों द्वारा हीट वेव से मौत होने की आशंका जतायी जा रही है। बहरहाल परिजनों द्वारा लाश का अन्तिम संस्कार कर दिया गया। मृतक ही पूरे परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र जरिया था। बहन की डोली के बाद उठी भाई की अर्थी ने सभी को हिलाकर रख दिया।



