Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरफरेबी युवक के झांसे में फंसी नागपुर की युवती

फरेबी युवक के झांसे में फंसी नागपुर की युवती

फेसबुकिया प्यार में युवक ने मंदिर में रचाई शादी, एक वर्ष बाद हुआ फरार

जौनपुर धारा, जौनपुर। फरेबी युवक ने नागपुर की एक युवती को अपने झूठे प्यार के जाल में फंसाकर मंदिर में शादी कर लिया। तकरीबन 1 साल तक बतौर पति-पत्नी के रूप में दोनों साथ रहे और फिर जब युवती से उसका दिल भर गया तो फरेबी युवक वहां से रफूचक्कर हो गया। नागपुर की रहने वाली युवती को जौनपुर के उस युवक से हुई दोस्ती और फिर पत्नी के रूप में रहने की कीमत इस कदर चुकानी पड़ रही है कि वह हाड़ कंपा देने वाली इस ठंड में अपने पति को खोजते खोजते जौनपुर पहुंच आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी और जफराबाद थानाध्यक्ष को दिए गए शिकायती पत्र में पीड़िता सलोनी पुत्री नंदलाल निवासी कोंडा कोरर डोंगर गांव मिसी भंडारा महाराष्ट्र ने बताया कि जौनपुर जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र निवासी सौरभ निषाद पुत्र ओमप्रकाश निवासी ग्राम धनेजा के बीच फेसबुक से पहली दोस्ती हुई। उसके बाद जौनपुर निवासी लड़के ने हमें अपनी पत्नी बनाकर साथ रहने और जीने मरने की कसमें खाते हुए पूर्ण भरोसा दिया कि कभी जीवन में साथ नहीं छोड़ेगा। हमने उससे कहा कि मेरे जीवन में कोई सहारा नहीं है कहीं ऐसा ना हो कि तुम शादी करके, बाद में मुझे बीच रास्ते में अधूरा छोड़ दो। इस पर उसने तमाम तरह की झूठी कसमें खाई और प्रमाण के तौर पर हम दोनों ने नागपुर के एक मंदिर में जाकर हिंदू रीति रिवाज के अनुसार शादी कर लिया। शादी करने के बाद हम दोनों पति-पत्नी के रूप में एक वर्ष तक नागपुर में साथ रहे। एक दिन सौरभ ने अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए जौनपुर अपने गांव जाने के लिए कहा तो हमने भी उसके साथ चलने की जिद की। लेकिन वह मुझे यह भरोसा देता रहा कि अभी मां बीमार है, बाद में आएंगे तो साथ लिवा चलेंगे। उसके बाद फिर वह लौटकर नागपुर नहीं आया। घर पहुंचते ही सौरभ की कार्यशैली में पूरा बदलाव आ गया। उसने मोबाइल भी बंद करना शुरू कर दिया। इससे मेरी बातचीत नहीं हो पाती थी। ऐसे में सीधे जौनपुर पहुंच कर युवक के परिवार वालों से मिलकर अपने साथ हुए धोखे की सारी कहानी बताया। लेकिन कोई सार्थक जवाब नहीं मिला तो अब पुलिस अधीक्षक और राज्य महिला आयोग में अपने न्याय की उम्मीद किया है। इस संबंध में जफराबाद पुलिस ने बताया कि पीड़ित युवती को न्याय दिलाने के लिए हर कड़े कदम उठाए जाएंगे आरोपी कितना भी ताकतवर क्यों ना हो।