― Advertisement ―

spot_img

Jaunpur: केराकत में वाटर कूलरों का निरीक्षण, एसडीएम ने दिए रखरखाव के निर्देश

जौनपुर। भीषण गर्मी को देखते हुए केराकत में नगर पंचायत द्वारा लगाए जा रहे वाटर कूलरों का निरीक्षण किया गया। उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों के...
Homeअपना जौनपुरप्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठे भाजपा पदाधिकारी

प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठे भाजपा पदाधिकारी

  • सांसद के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना प्रदर्शन

जौनपुर धारा, मछलीशहर। नगर को तालाब विहीन होने से बचाने व भू-माफियाओं के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज नगर में धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस मौके पर भाजपाइयों ने जमकर उपजिलाधिकारी की मिली भगत होने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ जमकर नारे लगाए।

नगर के कायस्थाना मोहल्ले में धरना प्रदर्शन पर बैठे भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष मनोज जायसवाल, महामंत्री संतोष जायसवाल, हरिओम गुप्ता, नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष शिरीष कुमार गुप्ता ने बताया कि नगर के कई तालाबों पर भू-माफियाओं की नजर है। नगर के बरईपार चौराहे पर स्थित हनुमान मंदिर के समीप तालाब पर टीन शेड डालकर अवैध कब्जा कर लिया गया है। प्रशासन ने 9 महीने पहले ही उक्त अवैध कब्जे को हटवाने के लिए मौके पर कानूनी नोटिस चस्पा की थी लेकिन बावजूद इसके प्रशासन अपनी ही नोटिस पर कार्यवाही नहीं कर रहा है और अवैध कब्जा सालों से बरकरार है। इसी प्रकार कायस्थाना मोहल्ले में सरकारी कागजों में बतौर तालाब दर्ज जमीन पर मिट्टी डालकर पाटा जा रहा है। जबकि 50 साल से वह जलमग्न भूमि है और आधे नगर का पानी उसी में जाता है। मिट्टी पाटने और बाद में उस पर प्लॉटिंग करने से अगल-बगल के कई मोहल्ले बरसात में डूब जाएंगे इन लोगों का कहना है कि प्रशासन की शह पर सभी तालाबों पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। मीरपुर चौराहे पर स्थित तालाब को भी बीते 3 दिनों से दर्जनों जेसीबी लगाकर पटवाया जा रहा है। भाजपा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया एसडीएम की मिलीभगत से नगर के तालाब पाटे जा रहे हैं। जिलाधिकारी को भी प्रार्थना पत्र देने पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है जिसके कारण मजबूरी में हम लोगों को प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठना पड़ा है। काफी देर बाद क्षेत्रीय सांसद बीपी सरोज ने मौके पर पहुंचकर उप जिलाधिकारी राजेश कुमार चौरसिया और क्षेत्राधिकारी अतर सिंह की उपस्थिति में आश्वासन दिया कि परसों मौके पर पैमाइश की जाएगी उसी के बाद निर्णय प्रशासन लेगा। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन के चलते काफी देर तक नगर के एक रास्ते को बाधित कर रखा था।

भाजपा के दूसरे गुट ने किया विरोध

मछलीशहर। भारतीय जनता पार्टी के धरना प्रदर्शन को असफल करने और धरना प्रदर्शन के कारण जाम हुए रास्ते को खुलवाने के लिए भाजपा का ही दूसरा गुट स्थानीय पूर्व सभासद राजकुमार पटवा और भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष रवि पटवा के नेतृत्व में पहुंचकर भाजपा के नगर मंडल इकाई द्वारा आयोजित किए जा रहे धरना प्रदर्शन को गलत बताते हुए विरोध किया और वह लोग भी वहीं मौके पर जमीन पर धरने पर बैठ गए। यह वही पक्ष था जिसके ऊपर मिट्टी पर पाटने का आरोप लगाया गया है। इस पक्ष का कहना था कि जो मिट्टी पाटी जा रही है वह तालाब में न पाटकर भूमिधरी जमीन पर पाटी जा रही है। दोनों गुटों ने एक दूसरे के ऊपर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। पूरे घटनाक्रम के दौरान भारी मात्रा में पुलिस बल मौजूद रहा।

Share Now...