जौनपुर धारा, जौनपुर। नगर निकाय चुनाव के नामांकन के बाद गुरूवार को पर्चा वापसी के दौरान 3 नगर पालिकाओं सहित 9 नगर पंचायतों से कुल 38 अध्यक्ष पद व 117 सदस्य पद के दावेदारों ने पर्चा वापस ले लिया है जिसमें कई प्रत्याशियों ने पार्टी से बागी होकर निर्दल नामांकन किया था।
नगर निकाय चुनाव में पार्टी से टिकट मिलने के उपरान्त कई प्रत्याशियों ने दलों से बागी होकर चुनावी मैदान में ताल ठोंक दिया था जिसकी जानकारी होते ही सत्ता दल व अन्य दलों ने पार्टियों के बागी कार्यकर्ताओं को मनाने में अपनी ताकत झोंकना शुरू कर दिया था जिसका परिणाम गुरूवार को पर्चा वापसी के दौरान नगर पालिका परिषद जौनपुर से भाजपा की बागी प्रत्याशी पूजा सोनी पत्नी अमर जौहरी ने अपना पर्चा वापस ले लिया तो वहीं सपा से बागी मालती मौर्या पत्नी जगदीश मौर्या ने पर्चा वापस लेकर पार्टी के हित में सहयोग प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में जौनपुर के एक अन्य प्रत्याशी ने भी अपना पर्चा वापस लिया, तो वहीं कुल 28 सदस्यों ने पर्चा वापस लिया। इस दौरान नगर पालिका परिषद शाहगंज से 11 सदस्य, नगर पालिका परिषद मुंगरा बादशाहपुर से 1 अध्यक्ष व 5 सदस्य, नगर पंचायत गौराबादशाहपुर से 4 अध्यक्ष व 20 सदस्य, नगर पंचायत कचगांव से 4 अध्यक्ष व 10 सभासद, नगर पंचायत जफराबाद से 5 अध्यक्ष व 5 सदस्य, नगर पंचायत खेतासराय से 1 अध्यक्ष व 13 सदस्य, नगर पंचायत मछलीशहर से 3 अध्यक्ष व 3 सदस्य, नगर पंचायत मड़ियाहूँ 1 अध्यक्ष व 2 सदस्य, नगर पंचायत रामपुर से 6 अध्यक्ष व 5 सदस्य, नगर पंचायत बदलापुर से 7 अध्यक्ष व 10 सदस्य सहित नगर पंचायत से 3 अध्यक्ष व 5 सदस्यों ने पर्चा वापस लेकर घर वापसी कर लिया है।



