जौनपुर। जनपद के समस्त राशन कार्डधारकों/लाभार्थियों को सूचित किया जाता है कि खाद्य तथा रसद विभाग, उ.प्र.द्वारा विभागीय वेबसाइट के पब्लिक डोमेन पर आम जनमानस हेतु राशनकार्ड से सम्बन्धित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करायी गयी है, जिसमें राशनकार्ड विभाजन हेतु आवेदन के विकल्प में आवेदक पूर्व से प्रचलित राशनकार्ड में आवश्यकतानुसार यूनिट/सदस्य का चयन करते हुए नये/पृथक राशनकार्ड हेतु आवेदन कर सकता है। राशनकार्ड यूनिट ट्रान्सफर हेतु आवेदन उक्त विकल्प के माध्यम से आवेदक अपने प्रचलित राशनकार्ड में से ऐसे यूनिट के लिए आवेदन कर सकता है, जिनकी शादी अन्य जनपद/ब्लाक में हो गयी है। राशनकार्ड स्थानान्तरण हेतु आवेदन- उक्त विकल्प के माध्यम से आवेदक अपना राशनकार्ड अन्य जनपद/विकास खण्ड में जहां वह वर्तमान में निवास कर रहा है, के लिए आवेदन कर सकता है। राशनकार्ड समर्पण हेतु आवेदन-उक्त विकल्प के माध्यम से आवेदक राशनकार्ड डुप्लीकेट होने के कारण, राशनकार्ड की आवश्यकता न होने के कारण तथा परिवार विस्थापित होने के कारण अपने राशनकार्ड को समर्पित करने हेतु आवेदन कर सकता है। यूनिट निरस्तीकरण हेतु आवेदन उक्त विकल्प के माध्यम से आवेदक अपने राशनकार्ड में से डुप्लीकेट यूनिट एवं यदि कोई सदस्य/यूनिट मृतक हो गया है, उनके यूनिट को निरस्त करने हेतु आवेदन कर सकता है। मृत्यु की दशा में राशनकार्ड के मुखिया का परिवर्तन हेतु आवेदक अपने राशनकार्ड में मुखिया यदि मृतक हो गयी है, तो मुखिया परिवर्तन हेतु आवेदन कर सकता है। विभागीय वेबसाइट के पब्लिक डोमेन पर आम जनमानस हेतु राशनकार्ड से सम्बन्धित उपरोक्त विभिन्न सेवाओंं/विकल्पों का प्रयोग करने हेतु यह आवश्यक है कि आवेदक को राशनकार्ड आई.डी.एवं राशनकार्ड में रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर की आवश्यकता होगी, जिसके माध्यम से लॉगिन कर आधार आधारित ओटीपी वेरिफिकेशन के पश्चात आवेदक का राशनकार्ड प्रदर्शित होने लगेगा। उक्त सुविधाओं के कारण अब राशनकार्डधारकों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आवेदक उपरोक्त सुविधाओं हेतु स्वयं आवेदन कर सकेंगे, जो पूर्णतया: नि:शुल्क है। आवेदन के पश्चात उक्त आवेदन सक्षम प्राधिकारियों की लॉगिन पर स्वत: प्रदर्शित हो जायेंगे, जिनका 15दिवस के भीतर नियमानुसार निस्तारण किया जायेगा।
फरार आरोपित के घर कुर्की की नोटिस चस्पा
खुटहन। हत्या व साजिश रचने के मामले में वांछित इनामी आरोपित के घर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शाहगंज नगर के मिल्लत नगर मोहल्ले में गत 18जुलाई को शाहगंज के उसरहटा निवासी अबू शाद का 10वर्षीय पौत्र अयान अपने मामा अतीकुर्रहमान के साथ मिल्लत नगर निवासी फैजान के घर गया था। वहीं अयान को गोली मार दी गई थी। उपचार के दौरान अयान की मौत हो गई थी। इसी मामले में फरार चल रहे आरोपित अब्दुर्रहमान पर एसपी डा.कौस्तुभ ने 15हजार रुपये का पुरस्कार घोषित कर रखा है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय ने बताया सीजेएम न्यायालय के आदेश पर सोमवार को वांछित आरोपित अब्दुर्रहमान के मिल्लत नगर स्थित आवास सहित प्रमुख स्थानों पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर मुनादी कराई गई। आरोपित यदि न्यायालय द्वारा निर्धारित समय में आत्मसमर्पण नहीं करता है तो कुर्की की जाएगी।
ज्योतिष शास्त्र का अध्ययन की संस्कृत महाविद्यालय में दी जानकारी
जौनपुर। महराजगंज में उमा महेश्वर संस्कृत महाविद्यालय कोल ढेमा के प्राचार्य डॉ.ज्ञान प्रकाश मिश्र ने बताया कि ज्योतिष शास्त्र का अध्ययन वेद काल से ही हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ज्योतिषशास्त्र सूर्य, चंद्रमा और ग्रहों के अवलोकन तथा उनकी व्याख्या के आधार पर सांसारिक और मानवीय घटनाओं की भविष्यवाणी करता है।
डॉ.मिश्र ने जानकारी दी कि उनके महाविद्यालय में ज्योतिष और व्याकरण की शिक्षा लगातार दी जा रही है। यहां दूर-दराज से आवासीय और विद्यालयी छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इस विद्यालय की नींव पूर्व प्रधानाचार्य व्याकरणाचार्य राज नारायण मिश्र ने रखी थी। वे आज भी 96वर्ष की आयु में छात्रों को व्याकरण के गुण सिखाते और पढ़ाते हैं। ज्योतिषशास्त्र को ‘ज्योति का शास्त्रÓ कहा जाता है, जो आकाशीय पिंडों जैसे नक्षत्र और ग्रहों से संबंधित है। इसमें केवल सौरमंडल के पिंडों का अध्ययन किया जाता है। इसका मूलभूत सिद्धांत यह है कि आकाशीय पिंडों का प्रभाव पूरे ब्रह्मांड और मानव संसार पर पड़ता है, जिससे आकाशीय पिंडों और मानव जीवन के बीच एक पारस्परिक संबंध स्थापित होता है। प्राचार्य ने यह भी बताया कि शासन और प्रशासन से संस्कृत विद्यालय को भरपूर सहयोग मिल रहा है। अब यूपी बोर्ड की तर्ज पर संस्कृत विद्यालयों में विज्ञान, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, गृह विज्ञान और समाजशास्त्र जैसे आधुनिक विषय भी पढ़ाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, विद्यालय में वेद, ज्योतिष, कर्मकांड और वास्तु शास्त्र में डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्र आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
पति ने पत्नी का गला काटकर खुद का गला भी रेता, हालत नाजुक
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेला में मामूली बात को लेकर पति-पत्नी में हुए विवाद में पति ने पहले अपना गला रेत दिया और फिर पत्नी का भी गला रेत दिया। घटना बीती रात लगभग नौ बजे की है। बेला गांव निवासी संतोष कुमार सिंह उम्र लगभग 30वर्ष पुत्र राजेश कुमार सिंह अपनी पत्नी आकांक्षा सिंह और दो छोटे छोटे बच्चो के साथ-सोये हुए थे कि दोनों पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने नगी। बात इतनी बिगड़ गई कि पति ने घर में रखे धारदार से खुद का गला रेत दिया, फिर पत्नी का भी गला रेत दिया। घर में हुई चीख पुकार सुनकर परिवार समेत आस पड़ोस की भीड़ एकत्रित हो गई। दोनों पति-पत्नी को देर रात लगभग 12:00 बजे जिला अस्पताल लाया गया जहां से उनकी बिगड़ती हालत देखकर चिकित्सक ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का बाजार गर्म है।
साड़ ने वृद्ध को मार डाला
जौनपुर। सरायख्वाजा गांव निवासी 85वर्षीय सांवले सिंह को सांड ने हमला कर पटक-पटक कर मार डाला। वह नित्य क्रिया को निकले थे। घटना के बाद जहां गांव के लोग दहशत में हैं, वहीं बेसहारा पशुओं को गोशाला भेजने की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार मृतक सांवले सिंह को संतान नहीं है। वह अपने भाई संजय सिंह व भतीजों के साथ रहते थे। नित्य क्रिया के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान घर के सामने मौजूद सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद भी सांड हमलावर रहा। सुबह का समय होने से आस-पास कोई मौजूद भी नहीं था। सांड के हमले के बाद बुरी तरह घायल सांवले तकरीबन आधे घंटे जमीन पर ही पड़े थे। घरवालों की नजर पड़ी तो ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है।

