- सीट कब्जा करने के लिए भाजपा की जद्दोजहद नाकाम
जौनपुर धारा, खेतासराय। नगर पंचायत खेतासराय से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ने बीजेपी प्रत्याशी को 72 मतों से हरा दिया। शनिवार को पांचवे राउंड का नतीजा आया तो बीजेपी प्रत्याशी ने रिकाउंटिंग की मांग किया। आरओ के आदेश पर दोबारा हुई मतगणना में देर शाम सपा प्रत्याशी वसीम अहमद ने जीत दर्ज की। बता दे कि चार राउंड तक बीजेपी समाजवादी पार्टी से आगे रही। अन्त में सपा उम्मीदवार वसीम अहमद ने 4214 मत प्राप्त किया जबकि रूपेश को 4147 मत मिला। चूंकि शुरू से ही बीजेपी और सपा में कांटे की लड़ाई थी। रिकॉउंटिंग के बाद मतगणना में वसीम ने 72 वोट से मात दे दी। वहीं एआईएमआईएम फारूक आजम 665, बसपा के इरफान अहमद को 334 वोट प्राप्त हुआ।
- भाजपा प्रत्याशी समर्थकों ने किया हंगामा
खेतासराय में सपा और भाजपा की कड़ी टक्कर को लेकर चर्चाएं चल रही थी। मतगणना के दौरान परिणाम आने के बाद भाजपा के अरमानों पर पानी फिर गया। भाजपा प्रत्याशी ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोबारा मतगणना कराने की मांग की जिस पर आरओ ने दोबारा मतगणना कराया। इस दौरान गहमा गहमी का माहौल देखते हुए अन्य थानों की फोर्स बुला लिया गया। अंत में भाजपा 72 मतों से हार गई जिससे नाराज भाजपा प्रत्याशी व समर्थकों ने मतगणना केंद्र के बाहर हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा करने वालों को पुलिस ने समझाने-बुझाने का प्रयास किया बावजूद इसके नहीं माने तो पुलिस ने डंडा भांजकर मतगणना स्थल से बाहर खदेड़ दिया। उधर जीत के बाद सपा प्रत्याशी को पुलिस बल के साथ घर के लिए रवाना कर दिया जिससे भाजपा समर्थकों ने धरना देना शुरू कर दिया।



