- टीडी इण्टर कालेज में संस्था पत्रिका वल्लरी का विमोचन समारोह
जौनपुर धारा, जौनपुर। टीडी इण्टर कालेज में संस्था पत्रिका वल्लरी के विमोचन समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा परिषद उप्र के सचिव दिव्यकान्त शुक्ल ने माँ सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन करके किया। पत्रिका विमोचन समारोह में सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि सचिव दिव्यकान्त शुक्ल ने कहाकि संस्था की पत्रिका छात्र-छात्राओं को लेखन हेतु मंत्र प्रदान करती है। छात्र-छात्राओं के सृजनात्मक क्षमता में अभिवृद्धि हेतु पत्रिका प्रमुख माध्यम हैं। पत्रिका के माध्यम से हम संस्था के छात्र-छात्राओं के लेखन कौशल एवं मौलिक चिन्तन हेतु प्रेरित करने का कार्य करते हैं। प्रबन्धक सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि तिलकधारी कालेज सम्पूर्ण प्रदेश में शीर्ष पर आरूढ़ हैं। जनपद जौनपुर का संज्ञान रखने वाला प्रत्येक व्यक्ति टीडी इण्टर कालेज से भिज्ञ होता है। संस्था के प्रधानाचार्य उप्र प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बीरेन्द्र प्रताप सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत करने हुए कहा कि हम अपने छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास हेतु अनेक योजना का निर्माण तथा क्रियान्वन करते हैं। इस श्रृंखला में संस्था की पत्रिका वल्लरी का प्रकाशन एक महत्वपूर्ण कदम है। संस्था के प्रधानाचार्य डॉ. सिंह ने अपने उद्बोधन में आगे कहा कि पत्रिका के सम्पादन मण्डल ने पूर्ण मनोयोग से प्रकाशन से सम्बन्धित कार्यों का निष्पादन किया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने डॉ. प्रीति उपाध्याय के निर्देशन में मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। शौर्य शुक्ल एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वन्दना का श्रवण कर उपस्थित जनसमुदाय श्रद्धा से परिपूर्ण हो गया। निधि रावत एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत का श्रवण कर उपस्थिति अतिथिगण मंत्रमुग्ध हो गये। समारोह में विशेष रूप से प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश मंत्री डॉ. राम नयन सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश सिंह, जिला कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जंग बहादुर सिंह, जिला मंत्री राजेश त्रिपाठी, अनिल उपाध्याय, शिक्षक नेता रमेश सिंह, डॉ. राकेश सिंह, जर्नादन सिंह, डॉ. अनिल शाही, रमेश चन्द्र सिंह, डॉ. मंन्जू सिंह, डॉ. प्रीति उपाध्याय, सहित सम्मानित जन उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता प्रबन्धक सत्य प्रकाश सिंह एवं संचालन डॉ. सुनील कुमार सिंह ने किया। अन्त में प्रधान सम्पादक नम्रता सिंह ने आगत जन के प्रति आभार प्रकट किया।



