― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरचाँद के दीदार का है इंतजार, ईद पर खरीदारी के लिए बाजारों...

चाँद के दीदार का है इंतजार, ईद पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ रही भीड़

  • फुटपाथ से लेकर प्रमुख दुकानों पर उमड़ रही भीड़
  • रेडीमेड कपड़ों की बढ़ी मांग, पारम्परिक कुर्ता पायजामे की भी डिमांड

जौनपुर धारा, जौनपुर। जश्न-ए-ईद की तैयारी अंतिम दौर में है बस अब लोगों को चाँद के दीदार का इंतजार है। ईद को लेकर रोजेदारों ने खरीदारी तेज कर दी है। सबसे ज्यादा उत्साहित बच्चे नजर आ रहे हैं। उस दिन ईद की नमाज पढ़ने के बाद उन्हें बड़ों से ईदी मिलने का इंतजार रहता है। देर रात तक बाजारों में भीड़ जुट रही है। फुटपाथ से लेकर प्रमुख दुकानों पर खाने-पीने के सामान से लेकर विभिन्न सामानों की दुकानें गुलजार है। जूते-चप्पल, रंग बिरंगी ओढ़नी, नकाब, किराना कपड़ों की दुकानें व खानपान की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। सबसे अधिक भीड़ रेडीमेड कपड़ों व कास्मैटिक्स की दुकानों पर है। वहीं बड़ी संख्या में लोग चांद रात की खरीदारी का भी इंतजार कर रहे हैं। गर्मी का पारा हाई होने के कारण दिन में महिला व पुरूष कम ही बाजारों में निकल रहे हैं लेकिन इफ्तार के बाद बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ती है। नगर के अटाला मस्जिद, कोतवाली, हरलालका रोड, नवाब युसुफ रोड, सब्जीमण्डी, चहारसू चौराहा, ओलन्दगंज आदि बाजार देर रात तक गुलजार हैं। बाजारों में कपड़े से लेकर जूते-चप्पल आदि की दुकानों पर महिलाओं की काफी भीड़ लग रही है। लोग अपनी क्षमता के अनुसार सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। त्योहार पर किसी तरह की कोई कमी न रह जाए इसके लिए लोगों ने खरीदारी तेज कर दी है। ईद पर पारंपरिक कुर्ता पायजामे की खूब डिमांड है। बड़े-बुजुर्गों में ही नहीं युवाओं में भी कुर्ता पायजामा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। पाक रमजान माह समाप्ति की ओर है। चांद दिखने के अनुसार सम्भावित आगामी 22 अपै्रल को ईद का त्योहार मनाया जाना है। इसके लिए घर-घर तैयारियां चल रही हैं।

  • ईद से पहले अदा करना होगा फितरा

ईद की नमाज से पहले अनिवार्य रूप से परिवार का मुखिया अपने प्रत्येक सदस्य (बालिग या नाबालिग) की ओर से फितरा (दान) अदा करता है। इसकी दरें हर वर्ष कीमत के आधार पर तय की जाती है।

बाजार पर नहीं दिख रहा महंगाई का असर

रमजान का आखिरी हफ्ता चल रहा है और ईद की भी तैयारी तेज हो गई है। ईदगाहों, मस्जिदों और घरों की सफाई में लोग जुट गए हैं। खरीददारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। पिछले साल के मुकाबले सेवईं, मेवा, चीनी से लेकर कपड़ों आदि तक की कीमतें बढ़ी हैं फिर भी बाजार की रौनक कम नहीं हुई है। लोग दिल खोलकर खरीददारी कर रहे हैं। बाजार में महंगाई का असर नहीं दिख रहा है।

Share Now...