बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के प्रो डॉ. राजकिशोर सिंह ने बताया कि डेंगू के मरीज घबराएं नहीं। यह जानलेवा नहीं है। समय से इलाज कराने पर यह ठीक हो जाता है। डेंगू होने पर पानी का सेवन ज्यादा करें, नींबू-नमक-पानी का घोल लें। फल और पौष्टिक आहार लें। विटामिन सी और जिंक लें। पेट खराब होने पर एंटीबायोटिक का कम से कम इस्तेमाल करें। क्योंकि, इससे प्लेटलेट्स घटने की आशंका कम हो जाती है। ताजा दही और ओआरएस घोल लें।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने निजी पैथोलॉजी और रक्तकोष में डेंगू जांच व प्लेटलेट्स का शुल्क तय कर दिया है। अब डेंगू की जांच 1,000 से 1500 रुपये के बीच होगी। जबकि, प्लेटलेट्स चार सौ से 13 हजार रुपये के बीच मरीजों को मिलेगा। सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे के साथ सोमवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है। आईएमए अध्यक्ष डॉ. शिव शंकर शाही और मीडिया प्रभारी डॉ. इमरान अख्तर ने बताया कि सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (यह रक्तदाता के खून से निकालकर तत्काल तैयार किया जाता है) की कीमत 11000 रुपये है। यदि रक्तदाता का रक्त समूह, मरीज के रक्त समूह से मेल नहीं खाता है, तो उसमें केमिकल डाला जाता है, जिसकी कीमत दो हजार रुपये है। यह भी मरीज को देना होगा। पहले से रखा हुआ प्लेटलेट्स मात्र 400 रुपये प्रति बैग उपलब्ध कराया जाएगा। डेंगू की रैपिड और एंटीबाडी जांच एक हजार रुपये में तथा एलाइजा जांच 1500 रुपये में होगी।


