- गैरजमानती वारंटी गिरफ्तार
जौनपुर धारा, पवांरा। पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा के आदेश के अनुपालन में चलाये जा रहे अपराध की रोकथाम अपराधियों की धरपकड़ व गैरजमानती वारंटियों की धरपकड़ अभियान के तहत गैरजमानती वारंटी शैलेन्द्र कुमार दूबे पुत्र राधेश्याम दूबे निवासी पवांरा को उपनिरीक्षक मंजय यादव ने हेड कान्सटेबल सर्वेश सिंह, आशीष यादव के साथ सोमवार की दोपहर उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
- नहर में गिरने से अधेड़ की मौत
जौनपुर धारा, सुजानगंज। थाना क्षेत्र के चौबेपुर फाटक के पास नहर में एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। ग्राम सभा बारा निवासी शेषमणि गौतम 40 वर्ष पुत्र आल्हा गौतम रविवार को लगभग 11 बजे के आसपास मुस्तफाबाद बड़ी नहर शारदा सहाय में गिर गया। लगभग चार बजे के करीब चौबेपुर फाटक के पास किसी व्यक्ति ने देखा कि एक अधेड़ की लाश नहर में बहते हुए जा रही है देखते ही लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई तथा पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया जिसकी शिनाख्त शेषमणि गौतम निवासी बारा के रूप में की गई। मृतक के तीनों बच्चों के साथ पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
- दो शातिर वारन्टी गिरफ्तार
जौनपुर धारा, केराकत। पुलिस अधीक्षक अजय पाल शर्मा द्वारा चलाये जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान वेâ तहत पुलिस उपाधीक्षक गौरव शर्मा के सफल पर्यवेक्षण में वांछित चल रहे शातिर वारन्टी रामजीत मौर्य पुत्र हरिदास मौर्य निवासी छितौना को घर से सोमवार को प्रात: गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं क्षेत्र के कटहरी गाँव निवासी वारंटी बंशराज पुत्र रामनाथ को भी घर से ही पुलिस ने पूर्वान्ह लगभग दस बजे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक हरिशचन्द्र सिंह, रामसुजान यादव, हेड कांस्टेबल सुनील यादव, मोहम्मद सलीम, रतन लाल गिरी, कांस्टेबल रणविजय शामिल रहे।
- जिला शांति समिति की बैठक आज
जौनपुर धारा, जौनपुर। अपर जिला मजिस्ट्रेट वित्त एवं राजस्व ने अवगत कराया है कि मोहर्रम का पर्व 29 जुलाई के दृष्टिगत जिला मजिस्ट्रेट अनुज कुमार झा की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक 18 जुलाई को अपरान्ह् 4 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गई है।
- गैंगस्टर का आरोपित गिरफ्तार
जौनपुर धारा, खुटहन। जिले के कई थानों में विभिन्न संज्ञेय अपराध में वांछित चल रहे आरोपित को पुलिस ने रविवार की रात उसके पैतृक निवास सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खानपुर अकबर गांव से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसका चलान न्यायालय भेज दिया गया। गांव निवासी भुलईराम प्रजापति उर्फ बखेड़ू लाइन बाजार, सरायख्वाजा व स्थानीय थाने में विभिन्न संज्ञेय अपराधों में वांछित चल रहा था। खुटहन पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी कर दी थी। पुलिस उसकी तलाश सरगर्मी से कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर योगेन्द्र सिंह ने बताया कि रविवार की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अपने पैतृक गांव के घर पर सो रहा है। प्रभारी निरीक्षक अपने साथ एसआई रामभुवन यादव व हमराहियों को लेकर उसके घर पहुंच घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
- तमंचा व कारतूस के साथ युवक धराया
जौनपुर धारा, शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर रोड स्थित बरदहिया बाजार समीप एक संदिग्ध युवक को तमंचा व कारतूस के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया। क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक वरुणेन्द्र राय ने सुल्तानपुर रोड स्थित बरदहिया बाजार के पास खड़े संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली तो युवक के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद कर कड़ाई से पूछताछ किया तो युवक ने अपना नाम विजय बिंद पुत्र छोटेलाल बिंद निवासी अगूर्पुर खुर्द बताया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान न्यायालय भेज दिया।
- ट्रेन से गिरकर युवक घायल
जौनपुर धारा, शाहगंज। ट्रेन में यात्रा के दौरान एक यात्री सोमवार की दोपहर मालगोदाम समीप ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। सरपतहां थाना क्षेत्र के सुईथा कला गांव निवासी 42 वर्षीय अहमद शेख पुत्र मंसूर शेख मुंबई से कमाकर गोदान एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर लौट रहा था। ट्रेन जैसे ही स्थानीय रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के समीप पहुंचा। गेट पर खड़ा होकर यात्रा कर रहा यात्री गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देकर उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान हालत गंभीर देखकर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
- उप निबंधन कार्यालय में पौधरोपण के लिए नि:शुल्क पौधा वितरित
जौनपुर धारा, शाहगंज। उप निबंधन कार्यालय में पौधरोपण के तहत अभियान चलाया गया। जनता को जागरूक करने के लिए तथा भावनात्मक रूप से इस अभियान से जुड़ने के लिए कार्यालय परिसर पर स्लोगन ‘प्रकृति से हम, हमसे प्रकृति तथा ‘हर खेत पर मेड होगा, हर मेड पर पेड़ होगा’ ‘हमारा वृक्ष हमारी संतान’ प्रदर्शित किया गया। ऋषिकेश पांडे उपमहानिरीक्षक निबंधन वाराणसी मंडल ने बताया यह अभियान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्टांप निबंधन मंत्री रविंद्र जयसवाल व विभागीय प्रमुख सचिव तथा महानिरीक्षक निबंधन की प्रेरणा से यह अभियान चलाया जा रहा है। श्री पांडे ने पौधरोपण अभियान की बात करते हुए रजिस्ट्री कराने आए सभी क्रेता व विक्रेता व अन्य को नि:शुल्क पौधा वितरण किया। साथ ही साथ पौधों को कैसे संरक्षण प्रदान किया जाए तथा उनके गुणवत्ता के बारे में लोगों को जागरूक किया। श्री पांडे ने कहाकि पौधा लगाना साथ में उसका संरक्षण करना प्रत्येक मानव की जिम्मेदारी होती है। स्वस्थ शरीर के लिए स्वस्थ वायु का होना आवश्यक है। श्री पांडे ने नीम तुलसी जैसे पौधों की गुणवत्ता के बारे में लोगों को बताते हुए जागरूक किया। इस मौके पर सब रजिस्ट्रार अमित कुमार सिंह व कनिष्ठ सहायक श्रीप्रकाश तिवारी साथ में कार्यालय के दिलीप यादव, दिनेश यादव, संतोष यादव, अधिवक्ता कुंवर अनुराग सिंह राणा, राजीव सिंह उर्फ डब्लू सिंह, मो. शारिक, सैयद गौहर हसन जैदी सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।



