- सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने किया फ्लैगमार्च
जौनपुर धारा, चंदवक। श्रावण मास में सुरक्षा के मद्देनजर एडिशनल एसपी बृजेश कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष महेश सिंह, चौकी प्रभारी देवेन्द्र दुबे पुलिस कर्मियों के साथ चंदवक बाजार के गाजीपुर रोड, वाराणसी रोड पर फ्लैगमार्च किया।
- सड़क हादसे में विक्षिप्त की मौत
जौनपुर धारा, सिरकोनी। जलालपुर क्षेत्र के बंदीपुर गांव के पास मंगलवार की भेर में एक 50 वर्षीय मानसिक विक्षिप्त की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उक्त क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी बृजेश पांडेय पुत्र स्व. अवध नारायण पाण्डेय की मानसिक हालात विगत चार वर्षो से ठीक नहीं थी। वे इधर उधर टहलते रहते थे। मंगलवार की भेर में वे वाराणसी लखनऊ राजमार्ग पर उक्त गांव के पास पड़े थे। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दिया। वहां के कुछ लोग बृजेश पांडेय को पहचान गए। परिवार के लोगों को घटना की सूचना दी गयी। मृतक अपने चार भाइयों में तीसरे नम्बर पर था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
- डेढ़ महीने में तीसरी बार जला ट्रांसफार्मर, बिजली विभाग मौन
जौनपुर धारा, थानागद्दी। विकासखंड केराकत अंतर्गत बोझवां गांव में 25 केवीए का ट्रांसफर तीन बार लगा और तीनो बार जल गया। गांव के लोग अंधेरे में जी रहे हैं। खेती का काम भी प्रभावित है। डेढ़ महीनों में मात्र दो दिन बिजली मिलने से नागरिकों में रोष है। उन्होंने डेढ़ महीने का बिजली बिल माफ करने की मांग की है।
बिजली की दुर्व्यवस्था पर अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए किसान संजय मिश्रा, अतुल सिंह, जिलेदार सिंह, बबलू सिंह ने बताया कि विभाग को सूचना दी जाती है, तो वह हल्के में लेता है लेकिन बार बार कहने पर वह जब सक्रिय होता है तो ग्रामीणों की संतुष्टि के लिए बोगस ट्रांसफार्मर लगा देता है। इस तरह डेढ़ महीने में तीन बार ट्रांसफार्मर लगा तीनों बार जल गया। ट्रांसफार्मर जलने से लगभग पच्चीस घरों की बत्ती गुल हो गई है। धान की फसल सूख रही है, डीजल इंजन से सिंचाई करना महंगा पड़ रहा है। रोशनी नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। किसानों ने बताया कि एसडीओ, जेई के यहां चक्कर काटते-काटते वे थक चुके हैं। जनप्रतिनिधि से बात करने पर वह आश्वासन देकर टरका देते हैं। इस संबंध में जब एसडीओ मनीष कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई तो नंबर नॉट रिचेबल था। बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ढिलाई से नागरिकों में रोष है।
- बिजली कटौती व लो वोल्टेज की समस्या को लेकर सौंपा ज्ञापन
जौनपुर धारा, गौराबादशाहपुर। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा नगर में हो रही अघोषित विद्युत कटौती एवं लो वोल्टेज आदि समस्याओं को लेकर अधीक्षण अभियंता सर्कल प्रथम जौनपुर से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया गया साथ ही साथ अधिशासी अभियंता चतुर्थ अभिषेक श्रीवास्तव को भी ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की गई। अधीक्षण अभियंता द्वारा फोन पर संबंधित एसडीओ को तत्काल समस्या के निवारण हेतु निर्देशित किया गया। ज्ञापन सौंपने वालों में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र जायसवाल, कोषाध्यक्ष राजकुमार साहू तथा सर्वेश अग्रहरि इत्यादि मौजूद रहे।
- भजन कीर्तन के साथ मनाई गई नागपंचमी
जौनपुर धारा, जफराबाद। स्थानीय कस्बे के नासही मोहल्ले में टैक्सी स्टैण्ड के पास स्थित श्री शिव मंदिर पर पूर्व वर्षों की भांति सोमवार को नागपंचमी का पर्व श्रीमद् हनुमान चालीसा पाठ एवं सुन्दर काण्ड पाठ तथा भजन कीर्तन के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह उक्त शिव मंदिर पर जलाभिषेक व पूजा पाठ का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ तथा रात्रि आठ बजे से मंदिर जीर्णोद्धारक प्रेमचन्द प्रजापति के द्वारा श्रीमद् हनुमान चालीसा पाठ एवं सुन्दर काण्ड पाठ एवं भजन कीर्तन का आयोजन किया गया जिसका समापन प्रात: 5 बजे बजरंगबली एवं भगवान शिव की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस भजन कीर्तन के कार्यक्रम में पूर्वांचल के मशहूर गायक विवेक मिश्र ‘वरदान’ ने एक से बढ़कर एक शिव भजन प्रस्तुत कर जलवा बिखेर दिया। क्षेत्रीय कीर्तनकार शिव प्रकाश मास्टर, प्रेमचन्द बेनबंशी, राजेन्द्र साहू, फुलारे राम प्रजापति, ज्ञान प्रकाश साहू, नीरज मौर्य आदि ने शिव के लीलाओं पर आधारित भजन पेश कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया गया। कार्यक्रम में आये हुए कीर्तनकारों एवं भक्तों का स्वागत प्रेमचन्द प्रजापति के द्वारा तथा आभार प्रकट उनके पुत्र व पत्रकार बृजनन्दन स्वरूप द्वारा किया गया। इस मौके पर डा. राधेश्याम प्रजापति, बद्रीनारायण श्रीवास्तव, सुनील प्रजापति, प्रकाश रंजन श्रीवास्तव, कुलदीप श्रीवास्तव, विजय कुमार, ट्विंकल, सुरेश चन्द्र गिरी, अनुपम गिरी, अशोक चौरसिया, मनीष साहू, सुभाष चन्द्र गुप्ता, सुरेश गुप्ता सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
- सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
जौनपुर धारा, जौनपुर। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा के निर्देश के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम अक्षयबर चौहान के द्वारा सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में ली गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी द्वारा मुख्य मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाने, सांकेतिक बोर्ड लगाने, लिंक रोड पर दोनों और खाली रोड को मुख्य मार्ग के समादर करने एवं डिवाइडर के बीच रिफ्लेक्टर लगाने, सभी क्षतिग्रस्त डिवाइडर को सही करने एवं सभी कट्स पर साइनेज को लगाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अपर जिलाधिकारी ने लोगों से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, सीट बेल्ट लगाने, हेलमेट लगाने सहित यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की। बैठक में सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी अमरेश यादव, एक्सइएन जलनिगम सचिन सिंह, सहित सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
- उद्घाटन मैच में मो. हसन कालेज ने माँ दुर्गा विद्यालय को हराया
जौनपुर धारा, जौनपुर। क्रीडा अधिकारी ने अवगत कराया है कि खेल निदेशालय द्वारा दिये गये निर्देश के क्रम में 21 से 29 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल सप्ताह दिवस मनाया जा रहा है। जिसका उद्घाटन 21 अगस्त को फुटबाल पुरूष प्रतियोगिता का आयोजन कर किया गया। उद्घाटन समारोह के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के प्रतिनिधि/मुख्य अतिथि अजय सिंह थे। उद्घाटन करते हुए उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि जल्द ही जनपद के खेल संरचना का स्वरूप बदलेगा, इसके लिए कोई भी कमी नहीं होगी। सरकार हर सम्भव खिलाड़ियों की मदद करेगी। प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने प्रतिभाग किया जिसमें पहला मैच मो. हसन इण्टर कालेज एवं मॉँ दुर्गा जी सीनियर सेकेण्ड्री विद्यालय के मध्य हुआ जिसमें मो. हसन इ. कालेज ने मॉँ दुर्गा को 2-1 गोल से पराजित किया। दूसरा मैच शाहगंज एवं टीडी कालेज के मध्य खेला गया मैच समाप्ति तक स्कोर बराबर था बराबरी होने के कारण मैच का निर्णय ट्राई ब्रेकर के माध्यम से कराया गया। ट्राई ब्रेकर में टीडी कालेज 6-5 के स्कोर से विजेता हुई। तीसरा मैच केराकत बी व स्टेडियम ए के मध्य खेला गया जिसमें स्टेडियम ए 5-0 से विजेता हुई। चौथा मैच केराकत ए व स्टेडियम बी के मध्य खेंला गया जिसमें केराकत ए 4-0 से विजयी हुई। इसके बाद द्वितीय चक्र का पहला सेमीफाइनल मैच स्टेडियम ए व मो. हसन के मध्य खेला गया जिसमें स्टेडियम ए विजेता हुई। दूसरा सेमीफाइनल केराकत ए व टीडी कालेज के मध्य खेला गया जिसमें केराकत ए विजेता हुई जिसके बाद फाइनल मैच स्टेडियम ए व केराकत ए के मध्य खेला गया। फाइनल मैच में स्टेडियम ए ने केराकत ए को 2-0 से पराजित किया।
- घटना के दूसरे दिन भी मृतकों के घर नहीं जले चूल्हे, गांव में पसरा रहा सन्नाटा
जौनपुर धारा, जौनपुर। पवांरा थाना क्षेत्र के सरायबीका गांव के पृथ्वीगंज पुरवा में सोमवार नाग पंचमी त्योहार पर गांव के ही बगल मछली पालन पप्पू सरोज के द्वारा एक वर्ष पूर्व खोदे गए तालाब में लगभग 11 बजे आयुष सरोज 8 वर्ष पुत्र रंजित सरोज व सत्यम 10 वर्ष पुत्र संजय सरोज तालाब में डंडे से गुड़िया पीट रहे थे। गुड़िया पीटने के दौरान आयुष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा जिसे बचाने के चक्कर में सत्यम भी गहरे पानी में चला गया और दोनो डूबने लगे। दोनो को डूबता देख तालाब किनारे खड़ा अभिषेक सरोज 15 वर्ष पुत्र पप्पू सरोज तालाब में कूद गया। किन्तु उन्हें बचाने के चक्कर में वह भी तालाब में डूब गया। तीन बच्चों के डूबने की खबर गांव में पता चलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया था। मृतकों के घर कोहराम मचा हुआ था। तीनों मृतकों का पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया था। घटना के दूसरे दिन भी मृतकों के घर के अलावा कई घरों में चूल्हे नहीं जले। दिन भर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। मृतकों के घर कोई पहुंच जाता तो घरों से महिलाओं का करुण वंदन चीखे सुनाई देने लगती थी। वही तीनों की अंत्यष्टी कर पहुंचे घर अभिषेक के पिता पप्पू, संजय और रंजीत भी अपने अपने घरों में बेसुध पड़े हुए है। अगल-बगल गांवों के अलावा जनप्रतिनिधि में पहुंच कर संवेदना व्यक्त कर रहे है। मुंगराबादशाहपुर की पूर्व विधायक भाजपा नेत्री सुषमा पटेल ने तीनों मृतक के घर पहुंच संवेदना व्यक्त किया। उन्होंने सरकार से हर संभव आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा भी दिया।


