- सुबह से महावीर के दर्शन के लिए लगी कतार
जौनपुर धारा, सिकरारा। अजोशी महावीर धाम पर दर्शन-पूजन हेतु मंगलवार को भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु अपने आराध्य का दर्शन पाकर निहाल हो गए। अपनी मनोकामनाएं पूरी करने के लिए महिलाओ ने मंदिर परिसर में कड़ाही चढ़ाई व घण्टा बांध कर महावीर स्वामी की अनुकम्पा पाने की प्रार्थना की। मंदिर के सेवक पं. आकाश मिश्र ने बताया कि दर्शन-पूजन हेतु विशेष श्रृंगार के पश्चात मंदिर के पट भेर में ही खोल दिया गया था। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर दर्शन-पूजन व मंदिर की परिक्रमा कर मनौतियां पूर्ण होने के लिए वट वृक्ष में रक्षा बांधा। दोपहर में पंडित मेले में मिटटी के खिलौने, कृषि यंत्र, प्रसाधन सामग्री की खरीददारी जम कर हुयी। देर शाम को कजरी व बिरहा का जवाबी मुकाबला आयोजित हुआ। विजेताओं को सम्मानित किया गया। जगह-जगह कीर्तन व भजन देर रात तक चला। मंदिर के समीप राम जानकी मन्दिर पर अखण्ड राम चरित मानस का पाठ किया गया। इस बार हनुमन्त लला का अनूठा दर्शन नए गर्भ गृह के तीसरे तल से भी हुआ। यह लोगों के लिए भाव विह्वल करने वाला अनुभव रहा। प्रमुख रूप से पुजारी अरविंद मिश्र, नन्द लाल मिश्र, इन्द्रसेन सिंह त्रिभुवन दास राजेश मिश्रा, प्रधान ध्रुवराज यादव, चन्द्र भूषण, डॉ. हर गेन, विजयनाथ आदि सक्रिय रहे।

