खुटहन। सरपतहां थाना क्षेत्र के हमजापुर गांव में बुधवार सुबह एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्वजन पूरे दिन उपचार के बहाने शव लेकर अस्पताल दर अस्पताल टहलते रहे। देर शाम मुंबई से मृतका की नानी द्वारा फोन पर पुलिस को मामले की सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही की गई।
गांव निवासी महक(16) पुत्री हकीमुद्दीन की सुबह 10बजे घर पर ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। कथित तौर पर स्वजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही उसे शाहगंज स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किंतु इसके बाद फिर दूसरे अस्पताल ले गए पर वहां से भी मौत की पुष्टि होने पर शाम को घर लौट आए। उधर घटना की जानकरी किसी तरह मृतका की नानी को मुंबई में हुई तो उसने फोन के माध्यम से स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस के अनुसार मृतका गांव में अपने चाचा निजामुद्दीन के परिवार के साथ रहती थी। जब कि उसके माता-पिता हकीमुद्दीन व खैरुन्निशां मुंबई में हैं और उनका तलाक हो गया है। घटना के संबंध में पूछताछ करने पर चाचा निजामुद्दीन ने सर्पदंश की बात बताई। लेकिन अन्य स्वजनों ने बताया कि उसने फांसी लगाया था। बहरहाल गले पर निशान आदि से प्रथमदृष्टया मामला फांसी का ही प्रतीत हो रहा है।
- शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण साफ हो सकेगा। स्वजनों द्वारा कई तरह की बातें किये जाने से मामला संदेहास्पद हो गया। कुछ लोग दबी जुबान से प्रेम प्रसंग आदि की भी चर्चा करते पाए गए। जिसके चलते घटना के हर पहलू पर जांच की जाएगी। -अमित सिंह, प्रभारी निरीक्षक सरपतहां।



