
जौनपुर धारा, जौनपुर। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व तिलकधारी महाविद्यालय के प्रबन्धक अशोक सिंह की प्रथम पुण्यतिथि शुक्रवार को महरुपुर में मनाई जाएगी। इस अवसर पर हवन पूजन के उपरांत भंडारे का भी आयोजन किया गया है। स्मृतिशेष में बताते हुए उनके पुत्र इं. शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रमुख पदों पर रहते हुए उन्होंने हमेशा हर वर्ग का ध्यान रखा। भारतीय जनता पार्टी ने जो जिम्मेदारियां उन्हें सौंपी उसका उन्होंने पूरी निष्ठा से पालन किया। भाजपा के जिलाध्यक्ष होते हुए उनका हर पार्टी के नेताओं से अच्छा तालमेल रहा। संबंध को उन्होंने हमेशा प्राथमिकता दी। समाजसेवा व देशभक्ति उनके अंदर कूट-कूट कर भरी थी। हर किसी के सुख-दुख में हमेशा उन्होंने साथ दिया। आगे उन्होंने कहा कि पिताजी ने तिलकधारी पीजी कॉलेज को एक नई दिशा दी। कभी अनुशासन से समझौता नहीं किया। कॉलेज को कड़े अनुशासन के साथ हमेशा वो लेकर चले। कोविड काल में जब लोग घर से नहीं निकलते थे ऐसी स्थिति में उन्होंने जरूरतमंदो के यहां जाकर घरेलू आवश्यकता का सामान उपलब्ध कराया और समय-समय पर लोगों का कुशल क्षेम भी पूछा। राष्ट्रहित के लिए वे हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर चलने तो तैयार रहते थे।


