जौनपुर। नगर विकास एवं जनपद प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा के निर्देश पर रविवार को विकास खंड रामपुर की ग्राम पंचायत पट्टीकीरत राय स्थित अटल आवासीय परिसर (वनवासी बस्ती) में रात्रि जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री वर्चुअल माध्यम से जुड़े और अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, ब्लॉक प्रमुख राहुल सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह, पूर्व विधायक सुषमा पटेल, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि वनवासी परिवारों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके प्रस्तावित दौरे से पूर्व सभी लंबित कार्यों को पूरा कर लिया जाए। विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के पात्र लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह ने कहा कि सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं पूर्व विधायक सुषमा पटेल ने महिलाओं, किसानों और युवाओं को योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया गया तथा जनप्रतिनिधियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सीएम युवा उद्यमी विकास योजना के तहत लाभार्थियों को ई-रिक्शा वितरित किए गए, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, अंत्योदय राशन कार्ड, श्रम कार्ड एवं अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने आश्वस्त किया कि जो पात्र व्यक्ति अभी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उन्हें शीघ्र लाभान्वित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड रामपुर को आईएसओ प्रमाणीकरण प्राप्त होने पर बधाई देते हुए प्रमाण पत्र भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


