Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरदिनदहाड़े भगवती माता मंदिर से चांदी का मुखौटा चोरी, श्रद्धालुओं में रोष

दिनदहाड़े भगवती माता मंदिर से चांदी का मुखौटा चोरी, श्रद्धालुओं में रोष

केराकत। केराकत तहसील क्षेत्र के थानागद्दी बाजार स्थित भगवती माता मंदिर से अज्ञात चोर दिनदहाड़े माता की प्रतिमा पर लगा चांदी का मुखौटा चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और श्रद्धालुओं ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब पांच बजे आसपास की महिलाएं और युवतियां मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना तथा दीप प्रज्वलित करने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने देखा कि माता की प्रतिमा का चेहरा बालों से ढका हुआ है। जब बाल हटाकर देखा गया तो प्रतिमा पर लगा चांदी का मुखौटा गायब था।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जुट गए। बाजारवासियों के अनुसार चोरी हुए चांदी के मुखौटे की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। धार्मिक स्थल पर हुई चोरी की इस घटना से लोगों में नाराजगी व्याप्त है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर चोरी का खुलासा करने की मांग की है।

सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी अरविंद पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं से घटना की जानकारी प्राप्त की तथा जल्द ही चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान कोतवाली प्रभारी ने मंदिर में नया मुखौटा लगवाने के लिए अपने निजी स्तर से पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। बाजारवासियों ने पुलिस को तहरीर देकर मामले के शीघ्र खुलासे तथा आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी हुई है।