कुलपति ने विद्यार्थियों को नई तकनीक सीखने और तकनीकी ज्ञान को परियोजनाओं में प्रयोग करने की दी सलाह
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कंप्यूटर अनुप्रयोग विभाग में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग विषय पर विद्यार्थियों का विशेष शैक्षणिक प्रस्तुतीकरण आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने सॉफ्टवेयर विकास, वेब डेवलपमेंट और फुल स्टैक डेवलपमेंट से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
वेब डेवलपमेंट की प्रक्रिया समझाई
विश्वविद्यालय के अनुसार कार्यक्रम कुलपति प्रो. आर.के. सिंह के पूर्व विभागीय अवलोकन के क्रम में विद्यार्थियों के आग्रह पर आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विषय की व्यावहारिक समझ देने के साथ उनके तकनीकी ज्ञान और प्रस्तुतीकरण कौशल को विकसित करना था।
बीसीए तृतीय वर्ष की छात्रा हर्षिता गुप्ता ने ‘फ्लो ऑफ वेब डेवलपमेंट’ विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने वेबसाइट की परिकल्पना से लेकर उसके विकास और उपयोगकर्ता तक पहुंचने की प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी दी।
वहीं बीसीए छात्र विशाल कुमार यादव ने ‘फुल स्टैक डेवलपमेंट’ विषय पर प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने फ्रंटएंड, बैकएंड, डेटाबेस और सर्वर-साइड तकनीकों के बीच समन्वय को उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
नई तकनीक सीखने पर जोर
प्रस्तुतियों का अवलोकन करते हुए कुलपति प्रो. आर.के. सिंह ने विद्यार्थियों से नवीनतम तकनीकों को सीखने की निरंतर प्रवृत्ति विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने तकनीकी ज्ञान का व्यावहारिक परियोजनाओं में प्रयोग करने की सलाह दी।
कुलपति ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से कक्षा में प्राप्त ज्ञान को व्यावहारिक तकनीकी कार्यों से जोड़ने में मदद मिलती है। इससे विद्यार्थियों को विषय की समझ के साथ अपने प्रस्तुतीकरण कौशल को विकसित करने का अवसर भी मिलता है।
संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में बीसीए कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. मिथिलेश कुमार पाण्डेय, सहायक आचार्य प्रियंका जायसवाल, आदित्य कुमार और अवधेश कुमार यादव उपस्थित रहे।


