वाराणसी कैंट में पानी लेने उतरी थी मां, ट्रेन चलने पर बच्चे रह गए थे अकेले
जौनपुर। श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में मां से बिछड़े तीन छोटे बच्चों को जौनपुर जीआरपी ने सुरक्षित बरामद कर उनकी मां से मिलाया। जीआरपी के अनुसार यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत की गई। बच्चों के सकुशल मिलने के बाद मां ने पुलिस के प्रति आभार जताया।
पानी लेने ट्रेन से उतरी थी मां
पुलिस के मुताबिक, श्रीमती सोनी देवी अपने तीन बच्चों स्वाति (6), प्रिंस (4) और पीयूष (1) के साथ ट्रेन संख्या 12391 श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एस-5 कोच में यात्रा कर रही थीं। 24 सितंबर को ट्रेन के वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचने पर सोनी देवी पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गईं। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और उनके तीनों बच्चे कोच में ही रह गए।
ट्रेन के आगे बढ़ने के बाद बच्चे अकेले होने के कारण रोने लगे। इसी दौरान जौनपुर जीआरपी की टीम ट्रेन में चेकिंग कर रही थी। पुलिसकर्मियों की नजर रोते हुए बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने तीनों को अपनी सुरक्षा में ले लिया।
जौनपुर स्टेशन पर मां को बुलाकर सौंपे बच्चे
बच्चों को सुरक्षित लेने के बाद जीआरपी ने उनकी मां से संपर्क किया और उन्हें जौनपुर जंक्शन स्थित जीआरपी थाने बुलाया। थाने पहुंचने पर पुलिस ने बच्चों की पहचान और आवश्यक तस्दीक की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद तीनों बच्चों को उनकी मां के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चों के सुरक्षित मिलने पर मां भावुक हो गईं। जीआरपी के अनुसार बच्चों को उनकी मां तक सुरक्षित पहुंचाने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार पटेल, हेड कांस्टेबल राजकुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार और महिला कांस्टेबल मीना सोनकर शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के दौरान टीम ने बच्चों को सुरक्षित बरामद किया।


