जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में शुक्रवार को आयोजित सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह में कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की प्रगति में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनकी निष्ठा, कार्यकुशलता और समर्पण के बल पर ही संस्थान विकास के नए आयाम स्थापित करता है।
समारोह में कर्मचारी संघ के पूर्व महामंत्री एवं वरिष्ठ कर्मचारी नेता रमेशचंद्र यादव को उनके सेवानिवृत्त होने पर सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. वंदना सिंह एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
विश्वविद्यालय हित को दी प्राथमिकता
कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि रमेशचंद्र यादव ने अपने पूरे कार्यकाल में सकारात्मक सोच के साथ कार्य किया और विश्वविद्यालय हित को सदैव प्राथमिकता दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जीवन की दूसरी पारी में भी वे समाज और शिक्षा जगत के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
वक्ताओं ने योगदान को किया याद
समारोह में शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विजय सिंह, प्रो. राजेश सिंह, डॉ. जेपी सिंह, डॉ. लक्ष्मण प्रसाद सिंह, डॉ. यदुवंश कुमार, कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह, राधेश्याम सिंह ‘मुन्ना’ तथा वर्तमान अध्यक्ष वारिंदर यादव सहित अनेक वक्ताओं ने रमेशचंद्र यादव के योगदान पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने कर्मचारी हितों की रक्षा के साथ-साथ विश्वविद्यालय के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल को कर्मचारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के लिए याद किया जाएगा।
सम्मान से अभिभूत हुए रमेशचंद्र यादव
सम्मान से अभिभूत रमेशचंद्र यादव ने कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं बल्कि एक परिवार की तरह रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय, कर्मचारियों, शिक्षकों और छात्रों के हित में भविष्य में भी सहयोग जारी रखने का भरोसा जताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश सिंह ने किया। समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रबंधक और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


